पंजाब: नशे के कारण चार की मौत, अस्पताल में पांचवां बेटा, सीएम मान ने किया इलाज का ऐलान
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां नशे की लत के कारण एक ही परिवार के चार बेटों की मौत हो चुकी है। वहीं, परिवार का 5वां बेटा भी इस नशे की लत से जूझ रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना की जानकारी जैसे ही प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिली, उन्होंने तुरंत इसका संज्ञान लेते हुए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित युवक के मुफ्त इलाज का ऐलान करते हुए कहा कि उसका पूरा इलाज सरकारी खर्च पर कराया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार अपने बेटे को इलाज के लिए अमृतसर के एक अस्पताल में लेकर पहुंचा है, जहां उसका इलाज जारी है। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पीड़ित पिता जोगिंदर पाल ने बताया कि वे सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले के निवासी हैं और उनके कुल पांच बेटे थे।
उन्होंने बताया कि उनके चार बेटों की मौत पहले ही नशे की वजह से हो चुकी है, जिससे उनका परिवार पूरी तरह बिखर गया है। अब उनका पांचवां बेटा सोनू, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष है, पिछले लगभग आठ वर्षों से नशे की गिरफ्त में है। जोगिंदर पाल के अनुसार, सोनू पहले एक मेहनती युवक था और हलवाई का काम करता था। अपने काम में कुशल होने के बावजूद नशे की लत ने उसकी जिंदगी को पूरी तरह तबाह कर दिया और अब उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताते हुए पीड़ित परिवार ने कहा कि उन्होंने इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया है, जिससे उन्हें कुछ राहत मिली है। हालांकि, इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
परिवार ने सरकार से अपील की है कि पंजाब में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त और ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते इस समस्या पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो कई और परिवार इसी तरह उजड़ सकते हैं।
--आईएएनएस
पीएसके