पंजाबः मोगा के तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी
मोगा, 16 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब के मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला आया है। जानकारी मिलते ही स्कूल में हड़कंप मच गया और थोड़ी देर में स्कूल को पूरी तरह खाली करते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, मोगा के गोदेवाला सरकारी स्कूल, उग्घोके के सरकारी स्कूल और झंडिआना सरकारी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल पर मिली है। इसके बाद दहशत का माहौल बन गया। स्कूल के प्रिंसिपल राजेश कुमार गर्ग ने स्कूल के प्रिंसिपल के और से इस संबंधी अपने उच्च अधिकारी और पुलिस प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल शुरू की। इसके साथ ही स्कूल में आए हुए विद्यार्थी को घर भेज दिया गया।
अध्यापक तेजवंत सिंह संधू ने बताया कि रोजाना की तरह स्कूल आए और रूटीन में काम चेक किया तो स्कूल की मेल पर देखा कि जिसमें तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद स्कूल में माहौल तनावपूर्ण हो गया ओर बच्चों को बिना बताए घरों में भेज दिया गया। धमकी के कारण 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों का पेपर रद्द हो गया है।
वहीं, जालंधर में कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भी सोमवार को सुबह मिली थी। स्कूल प्रबंधन को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में कुछ स्कूलों, दिल्ली जाने वाली ट्रेनों, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्कूलों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जालंधर पुलिस की टीमें एहतियातन कई स्कूलों में पहुंचीं और परिसर की जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल भी सक्रिय कर दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस