☰
×

​पंजाब में व्याप्त भय और गैंगस्टर राज के अंत की शुरुआत है अमित शाह का दौरा : तरुण चुघ

 

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को राज्य की सुरक्षा, शांति और माफिया राज के अंत की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम करार दिया है। आईएएनएस से बातचीत करते हुए तरूण चुघ ने कहा कि गृह मंत्री का यह दौरा पंजाब में सक्रिय माफिया सरगनाओं, गैंगस्टरों और नशा तस्करों पर सीधा आघात है।

तरूण चुघ ने कहा कि इस दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उन माताओं, बहनों और पिताओं से मुलाकात कर रहे हैं, जिन्होंने अपराधियों और नशा माफिया के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने बेटों, पतियों और परिजनों को खो दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस समय अत्यंत दुखद और भय का वातावरण बना हुआ है। आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में गैंगस्टर राज और नशा माफिया चरम पर पहुंच चुका है। गृह मंत्री का यह दौरा पंजाब के पीड़ित परिवारों में विश्वास जगाने और राज्य को इस डर के माहौल से बाहर निकालने के लिए आयोजित किया गया है।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तरूण चुघ ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता और मंत्री कल तक संगीन वारदातों को केवल "आपसी रंजिश" या "व्यक्तिगत झगड़ा" बताकर टालने की कोशिश कर रहे थे, आज जनता के भारी दबाव और विरोध के बाद वे बैकफुट पर आ गए हैं। चुघ ने कहा कि राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा जैसे नेता अपराधियों का बचाव करते नजर आते थे, लेकिन अब स्थिति बदलने पर सीबीआई जांच की बात करने लगे हैं।

​उन्होंने सवाल उठाया कि अपराध की जो जड़ें चंडीगढ़ की कोठियों से लेकर जेलों के स्टूडियो तक फैली हुई हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जेलों के अंदर से अपराधियों के साक्षात्कार (इंटरव्यू) करवाकर उन्हें महिमामंडित किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त था।

भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पंजाब में कानून-व्यवस्था कायम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "हमने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे को पूरी तरह समाप्त करने की समय-सीमा (डेडलाइन) तय की है। नशा बेचने वाला, उसकी सप्लाई चेन का हिस्सा बनने वाला या तस्कर—किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे दोषी खाकी में हो या खादी में, हर एक के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।"

​तरूण चुघ ने अंत में दोहराया कि पंजाब की बदहाल कानून-व्यवस्था और बिगड़े हालात के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार है, और राज्य की जनता अब इस भयमुक्त पंजाब की मांग कर रही है

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम