×

पंजाब में पावर कट पर सियासत तेज, सुनील जाखड़ बोलें- अंधेर नगरी, चौपट राजा

 

चंडीगढ़, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में गर्मी लगातार बढ़ रही है और इसके साथ ही बिजली की मांग भी तेजी से बढ़कर करीब 10,500 मेगावाट तक पहुंच गई है। ऐसे में लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि पीएसपीसीएल की तरफ से 8 से 10 घंटे तक बिजली शटडाउन करने की घोषणा की गई है। इससे आम जनता से लेकर व्यापारी और उद्योग तक सभी प्रभावित हो रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर राज्य भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने मान सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

भाजपा नेता सुनील जाखड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए भगवंत मान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जाखड़ ने लिखा, "अंधेर नगरी, चौपट राजा! अब जब गर्मी का मौसम आ गया है, तो पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के मेंटेनेंस के नाम पर पूरे पंजाब में बिजली बंद कर दी गई है। क्या यह काम फरवरी या मार्च में नहीं हो सकता था?"

उन्होंने कहा, "जब पावर कॉर्पोरेशन का कोई रेगुलर चेयरमैन ही नहीं है, तो ये फैसले कौन ले रहा है? सोलर पावर होने के बावजूद, जब दिन में बिजली सस्ती होती है, लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। आम जिंदगी से लेकर बिजनेस और इंडस्ट्री तक, आम आदमी पार्टी की सरकार में हर कोई इन पावर कट से परेशान है। मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर हैं। क्या यही आपकी पार्टी का गवर्नेंस मॉडल है, भगवंत सिंह मान जी?"

गौरतलब है कि पंजाब राज्य बिजली बोर्ड (पीएसपीसीएल) ने 26 अप्रैल तक राज्य के कई बड़े शहरों में लंबा बिजली शटडाउन करने का फैसला लिया है। लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा, मोहाली और पटियाला जैसे शहरों में रोजाना करीब 8 से 10 घंटे तक बिजली बंद रहेगी। पीएसपीसीएल का कहना है कि यह कटौती किसी कमी की वजह से नहीं, बल्कि बिजली सप्लाई सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए की जा रही है। आने वाले समय में बेहतर और सुचारू बिजली देने के लिए अभी काम किया जा रहा है। लेकिन इस बढ़ती गर्मी में आम लोगों के लिए यह फैसला मुश्किल बन गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस