☰
×

पंजाब में कानून-व्यवस्था पर हरभजन सिंह ने जताई चिंता, सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग

 

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब में जो हो रहा है, वह बेहद चिंताजनक है।

हरभजन सिंह ने लिखा, "पंजाब में जो हो रहा है उसे देखकर गहरी चिंता हो रही है। बार-बार हो रही घटनाएं अहम सवाल खड़े करती हैं, जिनका जवाब पंजाब सरकार को गंभीरता और तत्परता से देना चाहिए। जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को जनता के प्रति पारदर्शी और जवाबदेह होना चाहिए। पंजाब सरकार का कर्तव्य है कि वह अपने नागरिकों की रक्षा करे और पुलिस को कानून का पालन करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा और हर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। पंजाब के लोग शांति, गरिमा और न्याय के हकदार हैं। आइए हमारे पंजाब के भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट हों।"

बता दें कि इन दिनों पंजाब में कानून-व्यवस्था और ड्रग्स के मुद्दे को लेकर सियासत तेज है। यह मुद्दा बेहद संवेदनशील और चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

हाल ही में मानसा जिले में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा दिरबा में एक पिता द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने जैसी घटना के बाद भी हालात पर सवाल उठे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि राज्य आज नशे, गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है।

इसी बीच अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी गुरमुख सिंह ने भी नशे के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "पंजाब में नशाखोरी की लहर को रोकने के लिए सरकार या मौजूदा शासकों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि जो लोग गुरु के प्रति प्रेम और सम्मान से भरे हैं और नशे के खतरे को रोकने के लिए आगे आते हैं, उनकी खुलेआम हत्या की जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, श्री हरमंदिर साहिब के पूरे प्रबंधन और धर्म प्रचार कमेटी के साथ आज श्री अकाल तख्त साहिब में अरदास करने के लिए इकट्ठा हुई है।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम