×

पंजाब में हम अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे, भाजपा को किसी के विधायक की जरूरत नहीं : फतेह जंग बाजवा

 

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी(आप) के पंजाब कोटे से सात राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद से पंजाब की राजनीति में हलचल पैदा हो गई। कहा जा रहा है कि पंजाब के कई आप विधायक भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस तरह की संभावनाओं पर पंजाब से भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने कहा कि पंजाब का विधानसभा चुनाव भाजपा अपने दम पर लड़ेगी और हमें किसी के विधायक की जरूरत नहीं है।

चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा नेता फतेह जंग बाजवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जो पंजाब की जनता से झूठे वादे किए, वे पूरे नहीं हुए। लोगों में भारी गुस्सा है। आम आदमी पार्टी को लेकर लोगों का जो नजरिया है, पंजाब में खाता खुलना भी मुश्किल होगा। हमें किसी के विधायक की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उस जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर पाई है, जो लोगों ने उसे सौंपी थी। अगर उनके नेता पार्टी छोड़कर जा रहे हैं, तो साफ तौर पर उनके नेतृत्व में कोई न कोई कमी है। दूसरी पार्टियों के लोग उनके साथ क्यों नहीं जुड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी को आत्ममंथन करने और अपने अंदर झाँकने की जरूरत है। यह जो तानाशाही का माहौल है, केजरीवाल राज्यसभा सदस्यों का सम्मान नहीं करते हैं, दूसरी पार्टी की तरफ उनके लोग जा रहे हैं तो कोई न कोई कारण है।

राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा पंजाब सरकार द्वारा लिए जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि किसी की सुरक्षा को वापस लेना क्योंकि वे आपकी पार्टी में नहीं रहा, कहीं से भी ठीक नहीं है और किसी को गद्दार कहना गलत है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर कांग्रेस के बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की अपनी सोच है। वे ऐसे बयान देते रहेंगे क्योंकि उनके पास कहने के लिए और कुछ नहीं है। कांग्रेस एक बंटी हुई पार्टी है। आपको इसके बजाय अपनी पार्टी के बारे में बात करनी चाहिए, दूसरों की चिंता न करें। हमारी पार्टी की ऐसी कोई नीति नहीं है कि ऐसे लोगों को पार्टी में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सिर्फ झूठ बोलते हैं, उन्होंने एक वक्त कहा था कि उन्हें गाड़ी बंगला नहीं चाहिए। लेकिन, दिल्ली में करोड़ों रुपए खर्च कर शीशमहल बनाया। उनकी पार्टी में शामिल लोगों को भी लगा कि जब केजरीवाल की पोल खुल गई है तो वे कैसे जनता के बीच जाएंगे।

पंजाब में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके को लेकर फतेह जंग बाजवा ने कहा कि काफी समय से लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे, जिनमें दावा किया जा रहा था कि रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया जाएगा। यह साफ तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है, जिसे आम आदमी पार्टी की सरकार संभाल पाने में नाकाम रही है। इस तरह की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम