जो नशे में गुरुओं का अपमान करे, वो पंजाब को नशामुक्त नहीं कर सकता : अमित शाह
जालंधर, 30 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पंजाब के जालंधर में 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा और पंजाब को नशामुक्त करने का वादा किया।
जालंधर में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, "जालंधर आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है लेकिन जालंधर में नशामुक्त पंजाब के लिए आना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है।"
उन्होंने पंजाब के योगदान को याद करते हुए कहा कि पंजाब देश में दो चीजों के लिए जाना जाता है। पहला, जब भी देश में खाने-पीने की जरूरत पड़ी, तो पंजाब के किसानों ने हमारे गोदामों को भरा और आज भी भर रहे हैं। दूसरा, आजादी से पहले हो या बाद में, जब भी सुरक्षा की बात आई, तो पंजाब का जवाब हमेशा तैयार रहा।
अमित शाह ने कहा, "पंजाबियों के बलिदान से न सिर्फ हमें आजादी मिली बल्कि आजादी के बाद भी भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए पंजाब ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है।" इसी वजह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पठानकोट से यह यात्रा शुरू की थी। 13 दिन, 4,000 किलोमीटर और 117 विधानसभा क्षेत्रों में घूमकर आज यह यात्रा जालंधर में समाप्त हो रही है।
उन्होंने कहा कि आज नशामुक्त पंजाब बनाने का समय क्यों आया क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया। पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव में कई मुद्दे हैं। किसानों, उद्योगों, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे हैं लेकिन आने वाला चुनाव भाजपा केवल नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ेगी।
पंजाब की जनता से वादा करते हुए अमित शाह ने कहा, "आज मैं यहां से पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करके जाता हूं कि इस चुनाव में भाजपा का समर्थन कीजिए, कमल के फूल पर वोट डालिए, 31 दिसंबर 2029 से पहले हम पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे।"
अमित शाह ने कहा कि जब हम वादा कर रहे हैं कि 31 दिसंबर 2029 को पंजाब को चिट्टामुक्त कर देंगे, तो मुझे मालूम है कि केजरीवाल एंड कंपनी क्या कहने वाली है।
उन्होंने कहा, "मैं पंजाब की जनता को बताना चाहता हूं कि हमने जो कहा है, वो करके दिखाया है। कश्मीर को आतंकवाद मुक्त करने का काम पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने किया। 50 साल पुरानी नक्सल समस्या को समाप्त करने का काम और पूर्वोत्तर के उग्रवाद को समाप्त करने का काम भी पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने किया और अब बारी है 'चिट्टा मुक्त पंजाब' की।"
उन्होंने कहा कि वह अभी नशे की लत के कारण जान गंवाने वालों के परिवारों से मिलकर आए हैं। उन्होंने कहा, "एक मां अपने दो युवा बेटों की तस्वीर गोद में लेकर कहती है कि इसे बंद करवाओ, मेरे तो नहीं बचे, कम से कम दूसरे के लाल को बचा लो। और इन्हें (आप) शर्म नहीं आती है? जो नशे में धुत होकर गुरुओं का अपमान करे, वो चिट्टे से पंजाब को मुक्त नहीं कर सकता।"
अमित शाह ने कहा कि जो दिल्ली में शराब घोटाले में पकड़े गए हों, क्या वो पंजाब को नशा मुक्त कर सकते हैं? आपने कांग्रेस को देखा, आम आदमी पार्टी को देखा। एक मौका पांच साल के लिए भाजपा को दो, हम नशामुक्त पंजाब बनाकर देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो यह अभियान चलाया है, यह राजनीतिक एजेंडा नहीं है और यह पंजाब को बचाने का अभियान है। पंजाब में न हम ड्रग बेचने देंगे और न ही भारत के दूसरे राज्यों में सप्लाई होने देंगे।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम