×

पंजाब में हार देखकर एथेनॉल मुद्दे पर राजनीति कर रहे केजरीवाल: हर्ष मल्होत्रा

 

नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का इस मुद्दे को उठाने का उद्देश्य केवल सुर्खियों में बने रहना है और वह सोशल मीडिया आधारित राजनीति के जरिए अपने राजनीतिक भविष्य को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर केजरीवाल की मुहिम पूरी तरह राजनीतिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल अच्छी तरह जानते हैं कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल समय की जरूरत है, इसके बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने का नाटक किया।

उन्होंने कहा कि जैसा उन्होंने पहले अनुमान जताया था, उसी तरह मंगलवार को केजरीवाल ने दावा किया कि उन्हें पुलिस ने रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय के बाहर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि इसके बाद केजरीवाल ने पुलिस को कुछ कागजों के बंडल सौंपते हुए 2,33,238 याचिकाएं सौंपने का दावा किया।

भाजपा नेता ने कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की संभावित हार को देखते हुए अरविंद केजरीवाल सोशल मीडिया के जरिए अपनी राजनीति को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ अभियान उसी रणनीति की शुरुआत है।

हर्ष मल्होत्रा ने दावा किया कि देशभर के वाहन मालिक यह समझते हैं कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल भविष्य का ईंधन है और वे केजरीवाल के बहकावे में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनौती देने के बावजूद केजरीवाल अब तक ऐसे 100 वाहन भी पेश नहीं कर पाए हैं, जिनके साथ किसी प्रमाणित ऑटोमोबाइल इंजीनियर की रिपोर्ट हो, जिसमें यह कहा गया हो कि ई-20 पेट्रोल से उन वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने अरविंद केजरीवाल से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के मुद्दे पर राजनीति बंद करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उनकी बची हुई राजनीतिक प्रासंगिकता भी खत्म हो सकती है।

--आईएएनएस

डीएससी