पंजाब में दलालों के जरिए हो रही थी ट्रांसफर-पोस्टिंग, सीएम कार्यालय बना भ्रष्टाचार का अड्डा: सिरसा
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन समेत अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े ईडी के पत्रों पर सीबीआई जांच के आदेश दिए जाने पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे बड़ी डेवलपमेंट बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय में भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक बड़ा अड्डा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ दलाल बाहर से बैठकर काम कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के ओएसडी के माध्यम से कथित तौर पर अधिकारियों से पैसे लेकर ट्रांसफर-पोस्टिंग और अन्य आदेशों को लागू करवाया जा रहा है। जब इस मामले से जुड़े रिकॉर्ड ईडी के सामने आए तो एजेंसी ने पंजाब पुलिस से एफआईआर दर्ज करने को कहा था। लेकिन, पंजाब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय अलग-अलग कारण बताकर इसे रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस मुख्यमंत्री के अधीन आती है, इसलिए उसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करना मुश्किल था।
मंत्री ने कहा कि जब पूरा मामला हाई कोर्ट के सामने पहुंचा तो अदालत ने इस पर संज्ञान लिया। हाई कोर्ट ने प्रथम दृष्टि में मामले में मजबूत साक्ष्य होने की बात मानी और इसे गंभीर मामला माना है। किसी तीसरे व्यक्ति का ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसे मामलों में शामिल होना गंभीर आरोप है और इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। हाई कोर्ट ने दो महीने के भीतर जांच की रिपोर्ट देने को कहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
सिरसा ने उम्मीद जताई कि सीबीआई की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। हालांकि, उन्होंने इसी दौरान दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और जैन का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि जांच में इन लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
वहीं, दिल्ली में प्रदूषण को लेकर सरकार की तैयारियों पर सवाल पूछे जाने पर मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों की तुलना में इस साल अब तक स्थिति काफी साफ रही है। सरकार ने प्रदूषण से निपटने के लिए कई इनोवेटिव कदम उठाए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म विजन के तहत भी काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहेगी।
--आईएएनएस
पीएसके