×

'पंजाब कांग्रेस में कोई कलह नहीं, बनेगी हमारी सरकार', कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर

 

रांची, 17 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक विदेश में रहने के बाद देश लौटे हैं। अब उन्हें अपने देश का ख्याल आया है। आज वह कई योजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं, लोगों को उनका हक मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस में कोई कलह नहीं है, वहां हमारी सरकार बनने वाली है।

वंदे मातरम के अपमान या गायन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सरकार एक बिल लेकर आने वाली है। इस पर कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सरकार समय-समय पर बिल लाती रहती है। सरकार के इस तरह के कदम से भ्रम और विद्वेष पैदा होता है। वरना वंदे मातरम का विरोध कौन करता है?

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कार्यक्रम से पहले वंदे मातरम होता है। वह किसलिए यह सब कर रहे हैं, यह आने वाला समय बताएगा।

पंजाब कांग्रेस नेताओं में असंतोष की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस में कोई कलह नहीं है। एक एजेंडे के तहत मीडिया द्वारा इसका प्रचार किया जाता है। सभी कांग्रेस नेता मिलकर पंजाब को जीतने की कोशिश करेंगे। मीडिया से बातचीत के दौरान कई बार लोगों के मन की बात जुबान पर आ जाती है, तो लोग इसे कलह बताने लगते हैं। यह कलह नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में विचारों को सामने रखने की स्वतंत्रता है और लोकतंत्र है। पार्टी में तरह-तरह की बातें सामने आती हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि कलह है। हम सभी मिलकर पंजाब में चुनाव लड़ने जा रहे हैं और पंजाब में हमारी सरकार बनेगी।

परिसीमन को लेकर उन्होंने कहा कि इसको लेकर केंद्र सरकार लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रही है। अगर कोई एजेंडा है, उसे लाना है तो इसके लिए सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और संघीय ढांचे का ख्याल रखना चाहिए। पक्ष-विपक्ष मिलकर इस पर चर्चा करें।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर केंद्र सरकार एक बार पहले ही घिर चुकी है। जबरदस्ती बिल पास नहीं कराया जा सकता, इसके लिए संख्या जरूरी है। यह सही है कि उन्होंने बहुत कोशिश की है, दलबदल कराया है। सांसदों और विधायकों की चोरी की है। अब वह परिसीमन बिल लाना चाहते हैं। मैं सावधान करना चाहता हूं, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने उन्हें पत्र लिखा है, उसे गंभीरता से लें, वरना फिर से मुंह की खानी पड़ेगी।

राजेश ठाकुर ने यह भी कहा कि गृह मंत्री अमित शाह दूसरी पार्टी के नेताओं को तोड़ने की कोशिश में हैं। ईडी का सहारा पहले ही लिया जा चुका है और अब वह खुद मैदान में उतर रहे हैं। गृह मंत्री के नाते वह देश के हर हिस्से में जाते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल के दौरे और वहां के माहौल से यह समझ में आ रहा है कि वह दलबदल को सफल बनाने के लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की आवाज बुलंद कर रहे हैं। पहले उन्होंने कोटा में एक कार्यक्रम किया और अब वह उत्तराखंड पहुंचे हैं। सरकार ने जगह बदल दी। सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है। उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रम में लगे एक कार्यकर्ता की मौत पर कहा कि अचानक रैली स्थल बदले जाने के बाद एक घटना हुई और इस घटना में एक की मौत हो गई। यह दुखद है। उनकी शहादत को छात्र भी हमेशा याद रखेंगे।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम