पंजाब: अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
चंडीगढ़, 9 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति करने में सक्रिय था। पुलिस ने इस गिरोह में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस इन सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। इन आरोपियों के पास से दो एके-47 राइफल, 3 मैगजीन और 50 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस जांच में पता चला है कि इस गिरोह में संलिप्त आरोपी विदेश में बैठे आपूर्तिकर्ता के संपर्क में थे। इस गिरोह में शामिल लोग विदेश में हथियार प्राप्त करके पंजाब में बैठे लोगों को देते थे। आमतौर पर यह हथियार राज्य में आपराधिक तत्वों के लोगों को आपूर्ति की जाती थी, ताकि वो राज्य में आपराधिक गतिविधियों में तेजी ला सके।
पुलिस के मुताबिक, छहर्टा पुलिस स्टेशन अमृतसर में सबसे पहले इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि इसके बारे में कई जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर गिरोह में शामिल लोग विदेश से कैसे हथियार प्राप्त करते थे और कैसे पंजाब में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय लोगों के बीच में इसकी आपूर्ति किया करते थे। पुलिस इस पूरे तंत्र के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस उस पूरी प्रक्रिया के बारे में जानने की कोशिश कर रही है, जिसके तहत यह सब कुछ हुआ करता था, ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान सुनिश्चित हो सके।
उधर, पंजाब पुलिस ने कहा कि हम राज्यभर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े पूरे तंत्र को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम इस दिशा में किसी भी प्रकार की कार्रवाई को अंजाम देने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे। बता दें कि इससे पहले भी पंजाब पुलिस की ओर से अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल गिरोह का भंडाफोड़ कर उसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। इससे पहले भी इस तरह के कई गिरोह सामने आ चुके हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम