पुणे रेप केस: पीड़िता के पिता ने नेताओं से मिलने से किया इनकार, कहा-पहले दोषी को मिले फांसी
पुणे, 3 मई (आईएएनएस)। पुणे जिले की भोर तहसील के नसरापुर में एक चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और दुख का माहौल है। कई नेता और मंत्री पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंच रहे हैं और संवेदना जता रहे हैं। लेकिन इसी बीच पीड़िता के पिता ने एक वीडियो संदेश जारी कर साफ कहा है कि उन्हें किसी भी राजनीतिक मुलाकात या सांत्वना की जरूरत नहीं है, जब तक उनकी बेटी को पूरा इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
पीड़िता के पिता वीडियो में कहा कि वह अभी अपनी बेटी की अस्थियों के विसर्जन के लिए देहू आए हुए हैं। इसी दौरान उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि कई राजनेता उनके घर मिलने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय उनका परिवार बहुत दर्द में है और उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए, कोई औपचारिक मुलाकात नहीं।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उनकी बेटी के दोषी को फांसी की सजा नहीं मिल जाती, तब तक किसी भी नेता या प्रतिनिधि को उनके घर आने की जरूरत नहीं है। उनका कहना है कि उन्हें सिर्फ एक ही चीज चाहिए न्याय, और वो भी सख्त से सख्त।
पीड़िता के पिता ने यह भी कहा कि जब आरोपी को फांसी की सजा हो जाएगी, तभी वे उन लोगों से मिलेंगे जो उनसे मिलना चाहते हैं। उन्होंने इसे अपनी विनम्र विनती बताते हुए कहा कि इस समय उनका परिवार सिर्फ शांति और न्याय चाहता है, न कि राजनीतिक औपचारिकताएं।
गौरतलब है कि यह घटना 1 मई की है, जब गर्मी की छुट्टियों में अपनी नानी के घर आई एक नाबालिग बच्ची को दोपहर 3:30 बजे एक 65 साल का व्यक्ति बछड़ा दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया, जहां उसने पहले तो नाबालिग से दुष्कर्म किया और फिर उसे मौत के घाट उतार कर उसके शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम