×

पुणे: गन्ना कटाई और ट्रांसपोर्टेशन मजदूर दिलाने के नाम पर किसान से 8 लाख से ज्यादा की ठगी, मामला दर्ज

 

पुणे, 4 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में पुणे जिले के यवत पुलिस थाना क्षेत्र में गन्ने के परिवहन और कटाई के लिए मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर एक किसान से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता नारायण पोहवा काले (निवासी कांगांव, दौंड, पुणे) को आरोपी अक्षय गोरख गवली सोनावणे (निवासी नेर, सकरी, जिला धुले) ने गन्ना ट्रांसपोर्टेशन और गन्ना कटाई के मजदूर दिलाने के बहाने भरोसे में लिया। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता से ऑनलाइन और नगद दोनों के माध्यमों से कुल 8,29,000 रुपए ले लिए।

इसके बाद 17 नवंबर को आरोपी कुछ गन्ना कटाई के मजदूरों के साथ शिकायतकर्ता के पास आया, लेकिन वह सिर्फ 26,600 रुपए का काम करवाने के बाद वहां से फरार हो गया और बाकी रुपए भी वापस नहीं किए। आरोपी ने 8,02,400 रुपए का बिल जमा किया और काम अधूरा छोड़ दिया। इस तरह शिकायत करने वाले किसान के साथ बहुत बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड हुआ।

पुलिस ने याचिकाकर्ता के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है।

धोखाधड़ी के खिलाफ पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई का एक दूसरा मामला शनिवार को मुंबई से सामने आया, जहां मुंबई पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने एक संगठित साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो फर्जी ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग योजनाओं के माध्यम से निवेशकों से 1.07 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने में शामिल था।

मामले को लेकर अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत पुलिस ने छह ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर फर्जी निवेश के अवसरों का लालच देकर पीड़ितों को ठगने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।

साइबर पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वॉट्सऐप ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग एप्लिकेशन और कई बैंक खातों के माध्यम से धोखाधड़ी की, जिसमें उन्होंने फर्जी शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ निवेश योजनाओं के जरिए आकर्षक रिटर्न का वादा किया था।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में से चार को गुजरात के वडोदरा से पकड़ा गया, जबकि बाकी दो को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि यह गिरोह एक सुनियोजित नेटवर्क के रूप में काम करता था, जिसमें अलग-अलग सदस्यों को स्पष्ट रूप से भूमिकाएं सौंपी गई थीं।

--आईएएनएस

डीके/वीसी