पुंछ प्रीमियर लीग: नानक पैंथर्स चैंपियन, फाइनल में वीकेंड वॉरियर्स को छह विकेट से हराया
पुंछ, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 'नशा मुक्त भारत अभियान' और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक महीने से जारी पुंछ प्रीमियर लीग के छठे संस्करण का खिताब नानक पैंथर्स ने जीता। फाइनल मुकाबले में नानक पैंथर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए वीकेंड वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया।
खिताबी मुकाबले में नानक पैंथर्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वीकेंड वॉरियर्स की पूरी टीम 19.3 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की तरफ से नासिर खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली, जबकि सज्जाद शेख ने 41 रनों का योगदान दिया।
हालांकि, नानक पैंथर्स के बल्लेबाजों ने 160 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 4 विकेट गंवाकर 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। इस टूर्नामेंट में कुल 7 टीमों ने हिस्सा लिया था।
पुंछ के विधायक एजाज अहमद जान ने विजेता टीम को ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी। इसके साथ ही, उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजकों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में प्रदर्शन को देखते हुए पता लगता है कि हमारे खिलाड़ियों में कितनी काबिलियत मौजूद है।
एजाज अहमद ने कहा कि हम अपने खिलाड़ियों, युवाओं को जितना ज्यादा खेल के प्रति प्रेरित करेंगे, वह उतना ज्यादा ड्रग्स से दूर रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुंछ के खिलाड़ी भविष्य में इसी तरह से शानदार प्रदर्शन करेंगे और एक दिन भारत के लिए भी ट्रॉफी लेकर आएंगे।
विजेता टीम नानक पैंथर्स को खिताब जीतने पर एक लाख की इनामी राशि दी गई। वहीं, फाइनल तक का सफर तय करने वाली वीकेंड वॉरियर्स टीम को 70 हजार की इनामी राशि मिली। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 10 हजार और चौथे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत करने वाली टीम को 5 हजार रुपए की इनामी राशि दी गई।
टूर्नामेंट के आयोजक परवेज मलिक ने बताया कि यह टूर्नामेंट पूरी तरह से शहीदों को समर्पित था। टूर्नामेंट में कुल 7 टीमों ने हिस्सा लिया और हर टीम को 6-6 लीग मुकाबले खेलने को मिले। उन्होंने बताया कि इस तरह के टूर्नामेंट को कराने का मकसद यह है कि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहें।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम