यूपी में छात्राओं को स्कूटी देना चुनावी दिखावा, साढ़े नौ साल क्या किया: राजेंद्र गौतम
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश से जुड़े कई सियासी मुद्दों पर यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने योगी सरकार और विरोधी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने यूपी सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं को चुनावी दिखावा बताया, अखिलेश यादव की घोषणाओं का स्वागत किया और ओवैसी की कांग्रेस पर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया।
उत्तर प्रदेश सरकार की छात्राओं को स्कूटी देने की घोषणा पर एआईसीसी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दिल्ली में आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "वे पिछले साढ़े नौ साल से क्या कर रहे थे? अब चुनाव के दौरान जो वे दिखावा कर रहे हैं, वह काम नहीं आएगा। यह धोखा भी काम नहीं करेगा। लोग सब देख रहे हैं। आपने लोगों को रोजगार के कोई अवसर नहीं दिए हैं और शिक्षा इतनी महंगी कर दी है कि लोग इससे वंचित हो रहे हैं। बच्चे कैसे पढ़ेंगे? उनकी शिक्षा के लिए पैसे का इंतजाम कैसे किया जाए, इस पर काम होना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "यह पार्टी सिर्फ हिंदू और मुसलमान करती रहती है। उसने सामान्य वर्ग को करीब 8000 एससी-एसटी की नौकरी दे दी है, जबकि दलितों के बच्चे वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार नौकरी नहीं दे सकती, शिक्षा को महंगा कर दिया है। जितना दिमाग नफरत फैलाने पर लगा रहे हैं, उससे बढ़िया उन्हें शिक्षा का स्तर सुधारने पर काम करना चाहिए।"
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को फ्री बस सेवा देने के ऐलान पर गौतम ने कहा, "वे सिर्फ ऐलान करते हैं। अब तक उन्होंने क्यों नहीं किया। हमने तो कर्नाटक में सभी महिलाओं को बस सेवा मुफ्त कर रखी है, अभी हमारी सरकार ने तमिलनाडु में भी किया है। इससे आगे बढ़कर उन्हें महिला सशक्तिकरण पर ध्यान देना चाहिए।"
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा सपा सरकार आने पर महिला को 40 हजार रुपए देने की घोषणा पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "यह अच्छी बात है कि वह अपना घोषणापत्र तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी भी अपना घोषणापत्र तैयार कर रही है। हमारा मानना है कि ऐसे कदमों से महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें महिला उद्यमी बनने में मदद मिलेगी। अगर सरकार ऐसी मदद देती है तो यह स्वागतयोग्य है, लेकिन मैं एक कदम आगे बढ़कर यह भी जोड़ना चाहूंगा कि कैसे हर परिवार को सरकारी मदद से अपने बच्चों के लिए सस्ती और अच्छी शिक्षा मिल सकती है, कैसे रोजगार के और मौके पैदा किए जा सकते हैं, और कैसे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। हम इन बातों को भी शामिल करेंगे।"
गौतम ने कहा, "ओवैसी इतिहास को पढ़ लें। कांग्रेस पार्टी ने ही मुस्लिम को मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति बनाया। हर क्षेत्र में कांग्रेस ने मुसलमानों को भागीदारी दी है, किसी दूसरी पार्टी ने ऐसा नहीं किया है।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी