5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च, नीट विवाद और छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ एक बार फिर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी 5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च निकालेगी। CJP का आरोप है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है।पार्टी के मुताबिक, इन्हीं आश्वासनों के आधार पर जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन वापस लिया गया था। अब वादे पूरे नहीं होने से नाराज CJP ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है।
CJP का प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। इस प्रदर्शन में उन छात्रों के परिजन भी शामिल होंगे, जिन्होंने नीट पेपर लीक विवाद के बाद आत्महत्या की थी।इससे पहले CJP ने 20 जुलाई को भी जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला था। सोमवार को पार्टी की वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक के बाद 5 सितंबर के मार्च का निर्णय लिया गया।
पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। CJP ने कहा कि सरकार को उनके धैर्य को कमजोरी नहीं समझना चाहिए।गौरतलब है कि CJP ने नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। 25 जुलाई को सरकार से मिले आश्वासन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बाद पार्टी ने अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया था।