दिल्ली में SIR के खिलाफ प्रदर्शन, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; वीडियो में जाने बंगला साहिब से चुनाव आयोग तक मार्च की तैयारी
दिल्ली में आज स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ सैकड़ों लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास जुटे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पोस्टर लेकर उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस प्रदर्शन का आह्वान पीपल अगेंस्ट SIR और छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने किया है। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रदर्शनकारियों की योजना बंगला साहिब गुरुद्वारे से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं, इस प्रदर्शन में अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर, अभिनेता प्रकाश राज और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
CEC के इस्तीफे की मांग, पोस्टर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी
SIR के विरोध में जुटे प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया के खिलाफ विरोध जताया जा रहा है। आयोजकों ने बंगला साहिब से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की योजना बनाई है।प्रदर्शन में छात्र संगठनों और अन्य लोगों की भागीदारी के चलते पुलिस प्रशासन अलर्ट है। मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
ट्रैफिक जाम को लेकर दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, बंगला साहिब गुरुद्वारे और जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसके चलते आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है और वाहन चालकों को लंबे जाम का सामना करना पड़ सकता है।पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय संभावित ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। प्रदर्शन के दौरान प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती हो सकता है।
कॉकरोच पार्टी के नेताओं को फिर नोटिस भेज सकती है क्राइम ब्रांच
इस बीच, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच कॉकरोच पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को पूछताछ के लिए दोबारा नोटिस भेज सकती है। इससे पहले पुलिस ने दोनों को गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए।
बताया गया है कि दोनों ने पुलिस से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। अब क्राइम ब्रांच उन्हें दोबारा नोटिस जारी कर सकती है। हालांकि, इस संबंध में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।दिल्ली में एक ओर SIR के विरोध में प्रदर्शन और मार्च की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है। प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।