☰
×

नकल करते देखा तो पेपर लेने के बाद साहिल को सिर्फ हॉल से बाहर जाने को कहा था : प्रोफेसर डूला

 

मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले में जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने अब तक लगभग 60 लोगों के बयान दर्ज किए है। आरोपी प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान भी दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान प्रोफेसर ने कई सभी आरोपों से इनकार किया है। इसके साथ ही दावा किया है कि उन्होंने साहिल को नकल करते हुए देखने पर सिर्फ परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा था।

साहिल के माता-पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि प्रोफेसर डुला ने साहिल को प्रताड़ित किया था। इसी आरोप को लेकर क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर से साहिल की मौत से पहले की घटनाओं और उसके साथ हुई बातचीत से जुड़े सवाल पूछे।

मुंबई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, पूछताछ के दौरान प्रोफेसर डूला ने बताया कि कैसे उन्होंने परीक्षा के दौरान साहिल को कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से नकल करते हुए देखा था। जब उन्होंने साहिल को फोन इस्तेमाल करते देखा, तो साहिल ने उसे छिपाने की कोशिश की। डूला ने कहा कि उन्होंने उससे कुछ नहीं कहा और बस साहिल का परीक्षा पेपर लेकर उसे परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए कहा।

डूला ने यह भी कहा कि आईआईटी बॉम्बे में अपने पूरे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कभी भी किसी छात्र या किसी अन्य व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। अपने बयान में डूला ने कहा कि वह एक शिक्षक हैं और उनका काम छात्रों को पढ़ाना है और सभी छात्र उनके लिए समान हैं।

एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे साल के छात्र वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी।

शुरुआती रिपोर्टों से पता चला था कि वाकोडे ने परीक्षा का प्रश्न-पत्र एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में संस्थान ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया था।

--आईएएनएस

ओपी/एएस