×

प्रीमियम पेट्रोल कीमत वृद्धि पर भड़के प्रमोद तिवारी, कहा- ये मुनाफाखोरी है, कीमत वापस लें

 

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। पेट्रोल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रीमियम पेट्रोल पर 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मुनाफाखोरी और अवसरवादिता करार देते हुए सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

प्रमोद तिवारी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 110–120 डॉलर प्रति बैरल के बीच होने के बावजूद सरकार द्वारा पेट्रोल के दाम बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यही काम कोई डीलर करता, तो उसे मुनाफाखोर और अवसरवादी कहा जाता, लेकिन जब यही काम सरकार कर रही है तो उसे क्यों नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम घटे थे, तब केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं दी और कीमतों में कटौती नहीं की गई।

तिवारी के मुताबिक, उस दौरान सरकार ने भारी मुनाफा कमाया और करीब 30 लाख करोड़ रुपए की कमाई का हवाला देते हुए कहा था कि यह राशि पुराने घाटे की भरपाई और भविष्य की तैयारी के लिए है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें स्थिर हैं, ऐसे में पेट्रोल के दाम बढ़ाना पूरी तरह से अवसरवादिता को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि मैं पूरे जिम्मेदारी से यह आरोप लगाता हूं कि केंद्र सरकार ने मुनाफाखोरी करते हुए यह फैसला लिया है। यह जनता के प्रति अपने कर्तव्यों के पालन में विफलता का उदाहरण है।

प्रमोद तिवारी ने केंद्र सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा करते हुए मांग की कि पेट्रोल के बढ़े हुए दामों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

बता दें कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनावों के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2.09 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है, जो 20 मार्च से ही लागू हो गई है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड सहित सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने अपने प्रीमियम पेट्रोल वेरिएंट की कीमतों में लगभग 2.09 रुपए से 2.35 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है।

--आईएएनएस

पीएसके