×

प्रीति जिंटा ने मनाई 'हर दिल जो प्यार करेगा' की 26वीं सालगिरह, बोलीं- 'आज भी यादें ताजा हैं'

 

मुंबई, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपने करियर में कई ऐसी फिल्मों में काम किया, जो आज भी लोगों की पसंदीदा मूवीज लिस्ट में शामिल हैं। इन्हीं फिल्मों में से एक है साल 2000 में रिलीज हुई रोमांटिक फिल्म 'हर दिल जो प्यार करेगा', जिसमें प्रीति जिंटा ने जाह्नवी का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता था। अब फिल्म के 26 साल पूरे होने के मौके पर अभिनेत्री ने अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक खास पोस्ट साझा किया।

प्रीति जिंटा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म को खास अंदाज में याद किया। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फिल्म के कई यादगार सीन्स की छोटी-छोटी झलकियां दिखाई गईं। इस वीडियो में सलमान खान, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा और शाहरुख खान नजर आए। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म का टाइटल सॉन्ग 'हर दिल जो प्यार करेगा' बज रहा था।

प्रीति जिंटा ने इस वीडियो के साथ एक खास कैप्शन भी लिखा। उन्होंने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को याद करते हुए लिखा, ''फिल्म को रिलीज हुए 26 साल हो गए हैं, लेकिन यह अब भी हमारी पसंदीदा पुरानी यादों में शुमार है। फिल्म की 26वीं सालगिरह पर उन सभी दिलों को सेलिब्रेट करें, जो प्यार करना जानते हैं।''

बता दें कि फिल्म 'हर दिल जो प्यार करेगा' साल 2000 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन राज कंवर ने किया था, जबकि इसके निर्माता साजिद नाडियाडवाला थे। यह फिल्म सलमान खान और साजिद नाडियाडवाला की सफल साझेदारी की लगातार तीसरी हिट फिल्म साबित हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही।

फिल्म की कहानी राज (सलमान खान) नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मुंबई में गायक बनने का सपना लेकर आता है। एक दिन वह एक लड़की को ट्रेन हादसे से बचाता है। वह लड़की पूजा ओबेरॉय (रानी मुखर्जी) होती है, जो एक अमीर परिवार से ताल्लुक रखती है। हादसे के बाद पूजा अस्पताल में भर्ती हो जाती है और कोमा में चली जाती है। पूजा के परिवार को लगता है कि राज ही वही व्यक्ति है, जिससे पूजा शादी करने वाली थी।

परिवार की हालत और पूजा के पिता की तबीयत को देखते हुए राज मजबूरी में यह झूठ स्वीकार कर लेता है कि वह पूजा का पति है। इसी दौरान पूजा की सबसे अच्छी दोस्त जाह्नवी (प्रीति जिंटा) राज के करीब आने लगती है। दोनों के बीच प्यार हो जाता है। लेकिन कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब पूजा होश में आती है और उसे भी राज से प्यार हो जाता है। इसके बाद रिश्तों और भावनाओं के बीच एक लंबी उलझन शुरू होती है।

फिल्म में शाहरुख खान स्पेशल कैमियो में नजर आए थे। फिल्म में कामिनी कौशल, परेश रावल, सतीश शाह और शक्ति कपूर जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं।

फिल्म के गाने भी इसकी सफलता की बड़ी वजह रहे। 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'ऐसा पहली बार हुआ है', 'पिया पिया' और 'दिल दिल दीवाना' जैसे गानों ने उस समय खूब लोकप्रियता हासिल की थी।

--आईएएनएस

पीके/एएस