☰
×

प्रयागराज: गोपाष्टमी पर बलुआ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, गौ माता की हुई पूजा

 

प्रयागराज, 17 नवंबर (आईएएनएस)। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मंगलवार को प्रयागराज के बलुआ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही यमुना तट पर भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सज-धजकर घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पूरे घाट पर भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

गोपाष्टमी के दिन गाय की विशेष पूजा का विधान है। श्रद्धालुओं ने गौ माता की पूजा कर उन्हें माला पहनाई, तिलक लगाया और हरा चारा खिलाया। इसके साथ ही लड्डू गोपाल को माखन-मिश्री, दही और दूध का भोग लगाया गया। कई श्रद्धालुओं ने दही-पेड़े का भोग लगाकर उसका दान भी किया। घाट पर बने अस्थायी पूजा स्थलों पर महिलाओं ने एक साथ बैठकर सामूहिक रूप से पूजा की।

बलुआ घाट पर आए पंडित महेंद्र मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में इस पर्व के धार्मिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की गोपाष्टमी है। इस दिन गाय की पूजा होती है और लड्डू गोपाल को माखन-मिश्री तथा दही का भोग लगाया जाता है। कुछ लोग दूध का भी भोग लगाते हैं। उन्होंने कहा कि इसी पर्व के कारण यमुना के बलुआ घाट पर काफी भीड़ है। श्रद्धालु आ रहे हैं, गाय की पूजा कर रहे हैं और सभी रस्मों को निभा रहे हैं।

श्रद्धालु राजरानी जायसवाल ने भी इस पर्व को लेकर अपनी आस्था व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कार्तिक माह में गोपाष्टमी का विशेष महत्व है। आज के दिन भगवान को दही-पेड़े का भोग लगता है और गोपाष्टमी मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि हम सभी सखियां यहां आकर पूजा-अर्चना करती हैं और इससे बहुत आनंद मिलता है।

उन्होंने अपनी कामना व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान बाल-बच्चों को बनाए रखें, सभी सखियों में प्रेम बना रहे और यमुना मैया की कृपा इसी तरह बनी रहे। सभी का शरीर स्वस्थ रहे, ताकि लोग हर साल मां के चरणों में आकर सिर झुकाते रहें।

वहीं, श्रद्धालु रेनू ने कहा कि आज गोपाष्टमी है। कार्तिक महीने की इस गोपाष्टमी पर गौ माता की सेवा की जाती है, उनकी पूजा-अर्चना की जाती है और दही-पेड़े का भोग लगाया जाता है। दही-पेड़े का दान भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि हम लोगों की यही कामना है कि माता रानी हमें ऐसे ही अपने चरणों में स्थान देती रहें और हमें बुलाती रहें। हमें स्वस्थ रखें, परिवार हरा-भरा बना रहे और सुख-समृद्धि बनी रहे।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम