☰
×

प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की पहचान और गौरव, उनके अनुभव से विकास को मिलेगी नई दिशा: सीएम धामी

 

देहरादून, 13 नवंबर (आईएएनएस)। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उत्तराखण्ड के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल राज्य से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोग नहीं हैं, बल्कि वे उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी प्रवासी उत्तराखण्डी रहते हैं, वहां वे अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जीवन मूल्यों को साथ लेकर चलते हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को उत्तराखण्ड की भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने में भी मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने उन प्रवासी उत्तराखण्डियों की सराहना की, जो अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, रोजगार के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया।

विशेष रूप से नंदा राजजात पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इस कार्यक्रम में मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के साथ उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, सांस्कृतिक एकता और परंपराओं का प्रभावी चित्रण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की भी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी राज्य के साथ अपना भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी