प्रश्नकाल से शुरू होगी राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
जयपुर, 6 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार तारांकित प्रश्नों की सूची में 22 प्रश्न शामिल हैं जबकि अतारांकित प्रश्नों की सूची में 24 प्रश्न रखे गए हैं। इन प्रश्नों के माध्यम से विधायक सरकार के अलग-अलग विभागों की कार्यप्रणाली और योजनाओं को लेकर जानकारी लेंगे।
प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से संबंधित विभागों से जुड़े सवाल भी सदन में उठाए जाएंगे। इसके अलावा कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सहकारिता विभाग और नगरीय विकास विभाग से जुड़े मुद्दों पर भी प्रश्न-उत्तर होंगे। इन विभागों की योजनाओं, कार्यों और नीतियों को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के विधायक सरकार से जवाब मांगेंगे।
सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे। विधायक श्रीचन्द कृपलानी मेवाड़ क्षेत्र के महाविद्यालयों की संबद्धता को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर से मारवाड़ मेडिकल विश्वविद्यालय, जोधपुर में स्थानांतरित करने के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। वे इस मामले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे और सरकार से इस निर्णय को निरस्त करने की मांग करेंगे।
वहीं, कांग्रेस विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा पशुपालन विभाग में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करेंगे। वे पशुपालन एवं डेयरी मंत्री से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगेंगे और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाएंगे।
इसके अलावा सदन की मेज पर कुछ महत्वपूर्ण पत्र भी रखे जाएंगे। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की एक अधिसूचना सदन के पटल पर रखेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी राजस्थान पर्यटन विकास निगम लिमिटेड का वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगी।
सदन में कई याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। विधायक अमित चाचाण नोहर में पशु विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नोहर को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की मांग को लेकर याचिका लगाएंगे। विधायक हमीर सिंह भायल बगरू के ग्राम मुहाना से मदाऊ स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय तक सड़क निर्माण की मांग से संबंधित याचिका पेश करेंगे।
विधायक बाबूसिंह राठौड़ शेरगढ़ में नया केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग को लेकर याचिका लगाएंगे, जबकि विधायक चेतन पटेल कोलाना पीपल्दा के सुल्तानपुर और इटावा नगरपालिका क्षेत्रों को आबादी क्षेत्र में परिवर्तित करने की मांग रखेंगे।
इसके साथ ही विधायक संजय कुमार बसेड़ी (धौलपुर) क्षेत्र की कुछ सड़कों और पुलों के निर्माण की स्वीकृति जारी करने की मांग से जुड़ी याचिका प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक छगनसिंह राजपुरोहित सुनवाड़ा में वन विभाग द्वारा मातृवन (नमो वन) स्थापित करने की मांग को लेकर याचिका पेश करेंगे।
सदन में विधायी कार्य भी होगा, जिसमें ‘विक्षुब्ध क्षेत्रों में स्थावर संपत्ति के अंतरण का प्रतिषेध और परिसरों से किरायेदारों को बेदखली से संरक्षण के लिए उपबंध विधेयक, 2026’ पर चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद इस विधेयक को सदन से पारित किए जाने की संभावना है।
--आईएएनएस
एसएके/पीयूष