×

प्रसार भारती में संवाददाता सहित कई पदों पर नौकरी का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। प्रसार भारती में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, प्रसार भारती दूरदर्शन न्यूज ने देश के अनुभवी नागरिकों से संवाददाता/वरिष्ठ संवाददाता (कॉरेस्पोंडेंट/सीनियर कॉरेस्पोंडेंट) के तौर पर फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट आधार पर एक वर्ष की अवधि के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

प्रसार भारती की ओर से जारी रिक्तियों में कॉरेस्पोंडेंट के 4 और सीनियर कॉरेस्पोंडेंट का 1 पद शामिल है। ये वैकेंसी ​​अलग-अलग क्षेत्रों में योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए निकाली गई हैं, जिनमें इम्फाल, लखनऊ, वाराणसी और देहरादून में कॉरेस्पोंडेंट के 4 पद और चेन्नई में सीनियर कॉरेस्पोंडेंट का 1 पद शामिल है।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि इस पद के लिए विज्ञापन के प्रकाशन की तारीख से 15 दिन तय की गई है। जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें प्रसार भारती की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

कॉरेस्पोंडेंट पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म/मास कम्युनिकेशन/संबंधित क्षेत्र में डिग्री/पीजी डिप्लोमा, इम्फाल के लिए हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रीय भाषा में दक्षता; लखनऊ, वाराणसी और देहरादून के लिए हिंदी और अंग्रेजी का ज्ञान होना अनिवार्य है। इसके अलावा प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 5 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।

सीनियर कॉरेस्पोंडेंट पद के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पत्रकारिता/मास कम्युनिकेशन/संबंधित क्षेत्र में डिग्री/पीडी डिप्लोमा, हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रीय भाषा में दक्षता और प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम सात वर्षों का अनुभव होना अनिवार्य है।

कॉरेस्पोंडेंट पद के लिए अधिकतम आयु 39 वर्ष और सीनियर कॉरेस्पोंडेंट पद के लिए अधिकतम आयु 44 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 25 जून के आधार पर की जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी कॉरेस्पोंडेंट पोस्ट के लिए 60,000 से 80,000 रुपए और सीनियर कॉरेस्पोंडेंट पद के लिए 80,000 से 1,25,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम