☰
×

प्रदूषण के बीच नमो भारत का बड़ा फैसला, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 20 अतिरिक्त ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

 

नोएडा, 3 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधा के लिए 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जा रही हैं। ये अतिरिक्त सेवाएं बुधवार, 4 नवंबर 2026 से शुरू होंगी। इनका संचालन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर किया जाएगा।

एनसीआरटीसी की इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होने के साथ प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिल सके। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बढ़कर 397 तक पहुंच गया है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। वहीं, नमो भारत कॉरिडोर के आसपास स्थित गाजियाबाद और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों में भी हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण की गंभीर होती स्थिति को देखते हुए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू किया जा चुका है। इसके साथ ही प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए 1 नवंबर से दिल्ली में कुछ श्रेणियों के वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे हालात में सार्वजनिक परिवहन के साधनों को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।

इसी दिशा में एनसीआरटीसी ने नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त 20 ट्रिप्स शुरू होने से यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे। साथ ही ट्रेन सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से लोगों को अपने निजी कार और अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने के बजाय नमो भारत से सफर करने में सहूलियत होगी। नमो भारत कॉरिडोर की एक बड़ी खासियत इसकी मल्टीमोडल कनेक्टिविटी है। इसके प्रमुख स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और सिटी बस सेवाओं से जोड़ा गया है।

सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशन यात्रियों को परिवहन के अलग-अलग साधनों के बीच आसानी से आवागमन की सुविधा देते हैं। इससे दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलती है। इसके अलावा, नमो भारत स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे निजी वाहन से स्टेशन तक पहुंचने वाले लोग अपनी गाड़ी पार्क कर आगे की यात्रा नमो भारत ट्रेन से कर सकते हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नमो भारत कनेक्ट ऐप में लाइव पार्किंग ट्रैकिंग का विकल्प भी दिया गया है।

इसके माध्यम से यात्री टिकट बुक करने से पहले ही संबंधित स्टेशन पर पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है और पार्किंग को लेकर होने वाली अनिश्चितता भी कम होती है। एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की बदलती जरूरतों और मांग के अनुरूप ट्रेन परिचालन को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स की शुरुआत भी इसी रणनीति का हिस्सा है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधाजनक और भरोसेमंद परिवहन विकल्प मिलेगा, बल्कि पूरे एनसीआर में टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी