×

प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी का शुभारंभ किया और आज उसका लोकार्पण कर रहे हैं: भजनलाल शर्मा

 

बालोतरा, 4 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के बालोतरा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन बेहद सौभाग्यशाली है, क्योंकि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के इतिहास में एक असाधारण उपलब्धि का भी अवसर है। प्रधानमंत्री ने लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहते हुए नया इतिहास रचा है। इस उपलब्धि के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी कामना है कि प्रधानमंत्री इसी तरह देशवासियों का नेतृत्व करते रहें और उनका मार्गदर्शन हमें निरंतर मिलता रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान से विशेष लगाव रहा है। जब भी वे राजस्थान आए हैं, प्रदेश को विकास की सौगातें दी हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे याद है, 16 जनवरी 2018 को प्रधानमंत्री ने पचपदरा की इसी धरती पर इस रिफाइनरी परियोजना का शुभारंभ किया था और आज वे इसका उद्घाटन कर रहे हैं। यह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने तब कहा था कि यह रिफाइनरी यहां की तकदीर भी बदलेगी और तस्वीर भी बदलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के कर-कमलों से लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनी यह रिफाइनरी प्रदेश की भाग्यरेखा बनने जा रही है। आज का यह ऐतिहासिक दिन केवल राजस्थान के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के औद्योगिक, आर्थिक विकास के लिए भी एक मील का पत्थर है। इस रिफाइनरी के लिए प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह रिफाइनरी प्रदेश के विकास का ग्रोथ इंजन साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री के राजस्थान दौरे के दौरान 30 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड समझौते हुए थे। इनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं अब धरातल पर उतर चुकी हैं। राज्य सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर 17 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री ने राम जन्मसेतु लिंक परियोजना सहित 40 हजार 365 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात दी थी।

उन्होंने कहा कि 22 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री बीकानेर आए थे। तब उन्होंने अमृत भारत स्टेशन के साथ 26 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी थी। वहीं, पिछले वर्ष बांसवाड़ा में 1.80 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई थी। इस वर्ष 28 फरवरी को प्रधानमंत्री ने 22 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के साथ एक देशव्यापी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कि प्रधानमंत्री के कर कमलों से प्रदेश को एक लाख 5 हजार करोड़ से अधिक विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री की ओर से जो भी कहा जाता है, वो कर के दिखाते हैं।

--आईएएनएस

एसडी/एएस