प्रधानमंत्री मोदी से मिले यूएई के शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान
नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रेसिडेंट न्यायालय में विकास एवं शहीद नायकों के मामलों के उपाध्यक्ष शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “यूएई के राष्ट्रपति न्यायालय में विकास एवं शहीद नायकों के मामलों के उपाध्यक्ष महामहिम शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।”
शेख थियाब गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय ने उनके दौरे का स्वागत करते हुए कहा था कि यह यात्रा भारत और यूएई के बीच नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की गति को और मजबूत करेगी।
यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब यूएई के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने इसी सप्ताह भारत का दो दिवसीय दौरा किया था।
मंगलवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर और शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने मुंबई में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की और व्यापक रणनीतिक एवं आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की।
बैठक के बाद जयशंकर ने कहा था कि भारत और यूएई के संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप अपनी संभावनाओं को साकार कर रहे हैं। उन्होंने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, रक्षा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का उल्लेख किया था।
भारत और यूएई के बीच पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्र में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देश विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और आर्थिक विकास एवं समृद्धि के साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
--आईएएनएस
डीएससी