प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के सीएम सुक्खू को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, उत्तम स्वास्थ्य की कामना की
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त हो।"
वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम सुक्खू को शुभकामनाएं देते एक्स पर लिखा, "हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं।"
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सुखविदंर सिंह सुक्खू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा," हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके खुशहाल और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। हिमाचल प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे, यही आशा करता हूं।"
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि जन्मदिन के सुअवसर पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व उम्मीदवार डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा जी के 'एक युद्ध- नशे के विरुद्ध' अभियान का विधिवत शुभारंभ भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुरेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में किया। इस शानदार पहल के लिए पुष्पेंद्र वर्मा का हृदय से आभार एवं धन्यवाद। हमें मिलकर चिट्टा को जड़ से समाप्त करना है और हिमाचल प्रदेश को चिट्टा-मुक्त राज्य बनाना है।
उन्होंने लिखा कि जन्मदिन पर आप सभी की ओर से मिली अनगिनत शुभकामनाओं और स्नेह से मन प्रफुल्लित है। आप सभी का तहे दिल से धन्यवाद। उपहार के रूप में मिली आपकी ममता और विश्वास मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। आपका अपनापन मुझे और भी संकल्पित बनाता है।
--आईएएनएस
एमएस/