प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता से लाखों ज्वेलर और निवेशक कर्ज में डूबने से बचे : सीटीआई
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आभार जताया है। सीटीआई ने कहा है कि सोने की खरीददारी को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा दी गई सलाह ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया।
सीटीआई ने कहा कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को सोने की खरीदारी से बचने की सलाह दी थी। उस समय उनकी इस सलाह का काफी विरोध हुआ था, लेकिन आज साबित हो गया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता ने लाखों व्यापारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचा लिया।
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि जब प्रधानमंत्री जी ने सोना न खरीदने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था। आज सोने का भाव गिरकर 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो हो गया है। यानी प्रति किलो 65 लाख रुपये की गिरावट आई है।
बृजेश गोयल ने कहा, "अगर प्रधानमंत्री की सलाह को नजरअंदाज करके व्यापारियों ने उस समय सोना खरीदा होता, तो आज प्रति किलो 65 लाख रुपये का नुकसान होता। लाखों ज्वेलर कर्ज में डूब जाते, कंगाल हो जाते।"
सीटीआई ने कहा कि देश भर के लाखों ज्वेलरी कारोबारी कई-कई महीनों का स्टॉक रखते हैं। अगर उन्होंने 1.90 करोड़ के भाव पर स्टॉक खरीदा होता, तो आज वे करोड़ों के घाटे में होते। ऑनलाइन-ऑफलाइन सोने का व्यापार करने वाले लाखों छोटे ट्रेडर और शेयर बाजार के निवेशकों को भी भारी नुकसान से बचाया गया।
सीटीआई के ग्रुपों में लगातार मैसेज आ रहे हैं, "मोदी जी ने बचा लिया।" सीटीआई ने कहा कि जिस सलाह का उस समय विरोध हुआ था, आज वही ज्वेलर और व्यापारी कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री सही थे।
सीटीआई ने आगे कहा कि अभी शादी का सीजन चल रहा है। सोना सस्ता होने से आम ग्राहक को भी फायदा हो रहा है। सीटीआई ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि सोने-चांदी जैसे संवेदनशील बाजार पर सरकार आगे भी समय-समय पर व्यापारियों को मार्गदर्शन देती रहे, ताकि सट्टेबाजों और जमाखोरों से बाजार को बचाया जा सके।
बृजेश गोयल ने कहा, "प्रधानमंत्री ने सिर्फ सलाह नहीं दी, उन्होंने लाखों परिवारों की पूंजी बचा ली। हम सीटीआई और पूरे व्यापारी समाज की ओर से प्रधानमंत्री का दिल से धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस