प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन ने बांकीपुर की तस्वीर बदली: नितिन नवीन
पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार के बांकीपुर विधानसभा में भव्य रोड शो किया और विशाल जनसभा को संबोधित किया और कहा कि भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है और नीरज कुमार सिन्हा इसका उदाहरण हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर में एनडीए सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए जनता से विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए कमल के निशान पर मतदान करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर बिहार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय सरावगी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेशाध्यक्ष राजू तिवारी, 'हम' के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष आलोक सिंह, लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि आज मैं बांकीपुर की समस्त जनता और सभी कार्यकर्ताओं को नमन करते हैं। जिस प्रकार जनता ने रोड शो में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया, उसके लिए हम बांकीपुर की जनता का हृदय से अभिनंदन करते हैं। आज मैं भारतीय जनता पार्टी के एक ऐसे सामान्य कार्यकर्ता के साथ जनता के बीच आए हैं, जिसने बूथ अध्यक्ष के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया और आज मंडल अध्यक्ष के रूप में भारतीय जनता पार्टी तथा एनडीए के समर्थित उम्मीदवार हैं। इस चुनाव में कई लोग अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और वे उन सभी का स्वागत करते हैं, लेकिन बांकीपुर की जनता अहंकार नहीं, बल्कि संबंध, व्यवहार और विनम्रता को महत्व देती है। जिन्होंने बांकीपुर को एक किला समझकर उसे जीतने का प्रयास किया है, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि बांकीपुर के घर-घर से उनका पारिवारिक संबंध है। यह मेरा अपना घर है और इस विश्वास एवं संबंध को तोड़ना इतना आसान नहीं है। 30 जुलाई को जब बांकीपुर की जनता और एनडीए के कार्यकर्ता मतदान करेंगे, तो मुझे पूरा विश्वास है कि श्री नीरज कुमार सिन्हा की जीत बांकीपुर में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट मिलने से कुछ लोगों को पीड़ा हो रही है। शायद उनकी राजनीति में टिकट केवल बड़े परिवारों या प्रभावशाली लोगों को मिलता होगा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और एनडीए ने यह साबित किया है कि संगठन में मेहनत करने वाले जमीनी कार्यकर्ता को भी अवसर और सम्मान मिलता है। जिन लोगों को आज एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट मिलने पर आपत्ति है, वे कार्यकर्ता की ताकत और उसके संघर्ष को नहीं समझ सकते।
नितिन नवीन ने आगे कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जंगल राज के खिलाफ जनता की लड़ाई में सड़क से लेकर मोहल्लों तक संघर्ष करता रहा। आज जो नेता बड़े पदों पर हैं, मैं भी उस समय एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में जनता के साथ खड़ा था। बिहार की जनता लालटेन वाले दौर और जंगलराज को भूली नहीं है। उसी संघर्ष का परिणाम था कि वर्ष 2005 में पहली बार एनडीए की सरकार बनी और बिहार को सुशासन की दिशा मिली। जो लोग हमेशा धनबल और बाहुबल के सहारे राजनीति करते रहे हैं, वे न तो सामान्य कार्यकर्ता के संघर्ष को समझ सकते हैं और न ही उसकी सेवा-भावना को। मुझे पूरा विश्वास है कि बांकीपुर की जनता एक सेवक को चुनेगी और वह सेवक नीरज कुमार सिन्हा होंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग विकास पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जनता स्वयं बदलाव की साक्षी है। एक समय था जब पीएमसीएच और पटना विश्वविद्यालय जाने के दौरान अशोक राजपथ पर भीषण जाम का सामना करना पड़ता था। आज कारगिल चौक का डबल-डेकर पुल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का प्रमाण है। इसके साथ ही पटना में आधुनिक सड़कों, आधारभूत संरचना और मरीन ड्राइव जैसे विकास कार्यों ने शहर को नई पहचान दी है। जिन्होंने कभी केवल वादे किए, वे आज शिक्षा और विकास की बातें कर रहे हैं। उनका उद्देश्य जनता की सेवा नहीं, बल्कि अपना स्वार्थ साधना है।
उन्होंने आगे कहा कि बांकीपुर की जनता ऐसे लोगों के साथ नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और एनडीए गठबंधन के साथ खड़ी है। बांकीपुर के विकास की चर्चा केवल दावों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका असर क्षेत्र के हर मोहल्ले में दिखाई देता है। सड़कों, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ लंबे समय से लंबित सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया गया। सरकार ने जनता की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को पूरा करने का कार्य किया।
नितिन नवीन ने कहा कि मीठापुर, चांदपुर बेला, सिपारा, दशरथा, बिगड़ापुर, चिरैयाटांड़, बोरिंग रोड और किदवईपुरी सहित पूरे क्षेत्र में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जो लोग कभी जनता को नालों के किनारे रहने के लिए मजबूर छोड़ गए थे, वे विकास की बात नहीं कर सकते। आज मंदिरी नाला क्षेत्र का कायाकल्प हो चुका है और बाकरगंज, सर्पेंटाइन, सैदपुर, आनंदपुरी तथा कुरजी जैसे बड़े नालों पर सड़क निर्माण के कार्य एनडीए सरकार के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जिन्होंने कभी विकास की सोच नहीं अपनाई और केवल विनाश की राजनीति की, वे विकास का अर्थ नहीं समझ सकते। आज वे बिहार में बदलाव की बात करते हैं, लेकिन जनता को यह सोचना होगा कि वे किस तरह का बदलाव लाना चाहते हैं?
उन्होंने आगे कहा कि क्या वे बिहार को फिर उसी लालटेन युग और पुराने दौर की ओर ले जाना चाहते हैं? एक समय था जब कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि शाम ढलने के बाद महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो जाता था। आज महिलाएं रात में भी सुरक्षित होकर अपने कामकाज और व्यापार के लिए बाहर निकल रही हैं। बिहार को फिर से जंगल राज की ओर नहीं जाने देना है। जनता को भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहना होगा और विकास तथा सुशासन के पक्ष में अपना निर्णय देना होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जनता को ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना है और यह संकल्प लेना है कि जिस प्रकार दिल्ली और पटना में डबल इंजन की सरकार विकास को गति दे रही है, उसी प्रकार बाकीपुर में भी एनडीए को मजबूत जनसमर्थन मिले। सरकार ने जीविका से जुड़ी महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने का कार्य किया है। आज महिलाएं विकास की मुख्य धारा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं, लेकिन कुछ लोग उनकी प्रगति से परेशान होकर उनके प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। ऐसे बयान महिलाओं के प्रति असम्मानजनक सोच और संस्कार को दर्शाते हैं। महिलाओं का सशक्तिकरण ही परिवार, समाज और राज्य के विकास की आधारशिला है, इसलिए जो भी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास करेगा, उसे बिहार की जनता और बांकीपुर की जनता लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता, विशेषकर मातृशक्ति, अब पुराने दौर में लौटना नहीं चाहती। महिलाएं आज विकास की मुख्य धारा में शामिल होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं और उन्हें विश्वास है कि एनडीए सरकार उनके सशक्तिकरण और विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई दिशा प्राप्त की और आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भी विकास की गति को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी है।
नवीन ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेता, चाहे जीतन राम मांझी हों, उपेंद्र कुशवाहा हों या चिराग पासवान, सभी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार के विकास के लिए मिलकर कार्य कर रहे हैं। चुनाव के दौरान अनेक तरह के भ्रम और षड्यंत्र फैलाने का प्रयास किया गया, लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि बांकीपुर के घर-घर से उनका आत्मीय संबंध है और जनता का वही स्नेह एवं आशीर्वाद नीरज कुमार सिन्हा को भी मिलेगा। बांकीपुर के लोगों को 30 जुलाई को कमल के निशान के सामने दो नंबर बटन दबाकर नीरज कुमार सिन्हा को विजयी बनाना है। इससे बांकीपुर में विकास की गति और तेज होगी तथा इसे राज्य की सर्वश्रेष्ठ विधानसभा बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा। जो विकास कार्य अब तक शुरू हुए हैं, उन्हें नीरज कुमार सिन्हा आगे बढ़ाएंगे और जनता के आशीर्वाद से एक भाई और बेटे की तरह क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे।
--आईएएनएस
डीकेपी/