×

प्रधानमंत्री मोदी को छात्रों ने किर्गिस्तान में सुनाया गांधी जी का प्रिय भजन

 

बिश्केक, 31 अगस्त (आईएएनएस)। कीर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भारतीय मूल के कुछ छात्रों ने बापू का प्रिय भजन सुनाया।

किर्गिस्तान में हायर एजुकेशन के लिए गए तीन छात्रों ने आईएएनएस से बातचीत की। महाराष्ट्र के पार्थ, विशाखापत्तनम की काव्या और महाराष्ट्र के ही पृथ्वीराज चौहान ने बताया कि बापू के भजन वैष्णव जन को उन्होंने प्रस्तुत किया और इसे सुन कर प्रधानमंत्री भावविभोर हो गए।

पीएम मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में बताया कि आज सुबह बिश्केक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया। गांधी जी के विचार हमारे मनःपटल पर हमेशा छाए रहेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर किर्गिस्तान पहुंचे। यहां वो शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में भाग लेने पहुंचे हैं। सोमवार का दिन कूटनीतिक लिहाज से काफी अहम रहा। भारत के पीएम ने आर्मेनिया के अपने समकक्ष, कीर्गिस्तान के राष्ट्रपति, ईरानी राष्ट्रपति और रूसी राष्ट्रपति से मुलाकात की। सबके साथ अलग-अलग बैठक की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इन बैठकों से पहले प्रधानमंत्री बिश्केक स्थित महात्मा गांधी स्मारक पर पहुंचे। इस स्मारक का अनावरण प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 को किर्गिस्तान की अपनी यात्रा के दौरान किया था। एससीओ के 26वें शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान पहुंचकर इस स्मारक पर पुनः पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। यहीं पर भारतीय समुदाय के कुछ लोगों के साथ संवाद भी किया।

रविवार देर रात जब प्रधानमंत्री उज्बेकिस्तान से बिश्केक हवाई अड्डे पर पहुंचे तो किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के चेयरमैन, आदिलबेक कासिमालीव ने उनका स्वागत किया। होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने भी गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। पीएम के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कुछ झलकियां प्रधानमंत्री ने खुद साझा की।

प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में कलाकारों ने वंदे मातरम् की मधुर धुन पर अद्भुत योगाभ्यास प्रस्तुत किया। गोमुख आसन से लेकर वीरभद्रासन को पूरे सामंजस्य के साथ प्रदर्शित किया गया।

प्रधानमंत्री का दिन सिर्फ बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा। रात 8 बजे से 10:30 बजे तक प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव द्वारा आयोजित VI वर्ल्ड नोमैड गेम्स के आधिकारिक उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

इसके बाद राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के लिए अनौपचारिक रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

--आईएएनएस

केआर/