×

प्रधानमंत्री की जन-अपील के आलोचनकों को भाजपा का जवाब, विपक्ष पर साधा निशाना

 

नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रधानमंत्री की जन अपील, राष्ट्रीय एकता बनाम विपक्ष की आलोचना, आर्थिक स्थिरता और विदेशी मुद्रा भंडार, सोने की खरीद और विदेश यात्रा की अपील, राष्ट्रीय सुरक्षा और युद्धकालीन संदर्भ, ईंधन की कीमतें और सरकारी नीति पर अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विदेशी यात्राओं पर न जाने की अपील की है, जिससे कि विदेशी मुद्रा भंडार कम न हो। उन्होंने कहा कि विदेशी यात्राओं पर जाना लोगों की कोई मूलभूत जरूरत भी नहीं है। इस बीच अरविंद केजरीवाल मिडिल क्लास लोगों की चिंता करते नजर आ रहे हैं। ये वही केजरीवाल हैं, जिनके बाथरूम में सोने का पोट लगा हुआ था। इसकी सबसे ज्यादा परेशानी अरविंद केजरीवाल को ही है, क्योंकि अगर सोना नहीं खरीदेंगे तो पोट में सोना कैसे लगाएंगे। ये वही केजरीवाल हैं, जिनका शीश महल अय्याशी का अड्डा बन गया था, लेकिन दिल्ली की जनता से ऐसा करारा जवाब दिया कि आम आदमी पार्टी की टॉपी और मफलर दोनों गायब हो गए हैं और खुद अरविंद केजरीवाल भी गायब हो गए हैं। अब वो अरविंद केजरीवाल मध्यम वर्ग की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की फिक्र कोई और नहीं केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी कोंप्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री नहीं हैं। अगर कोई कोम्प्रोमाइज्ड है तो वो राहुल गांधी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी रगों में खून की एक-एक बूंद भारत और भारत के लोगों के लिए हैं। वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर भारत विरोधी बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य एशिया में युद्ध शुरू हुए 70 दिन से ज्यादा हो गए। क्या देश में तेल की कमी हुई, क्या तेल के दाम बढ़े बल्कि एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपए की कटौती जरूर की गई। कदम इतने ठोस बढ़ाए गए कि देश में तेल और गैस की किसी भी तरह की कोई कमी न पड़े।

उन्होंने कांग्रेस नीत यूपीए का जिक्र करते हुए कहा कि बजट के सवाल पर तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि पैसा पेड़ पर नहीं उगता। वहीं, तत्कालीन रक्षा मंत्री एके एंटनी ने रफाल खरीदने की बात पर कहा था कि देश में बजट की कमी है। उन्होंने कहा कि सोनिया और राहुल की यात्रा के लिए वीवीआईपी चॉपर के लिए पैसे थे, लेकिन देश की सुरक्षा के लिए पैसे नहीं थे। आज हम गर्व से कह सकते हैं कि हमारा विदेश मुद्रा भंडार 750 बिलियन यूएस डॉलर का था, पिछले दो महीने में जो परिस्थितियां पूरे विश्व में उत्पन्न हुई हैं, बावजूद इसके हमारा फॉरेक्स 710 बिलियन यूएस डॉलर कहा है।

उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि जब से युद्ध की शुरुआत हुई है चीन में पेट्रोल 23 प्रतिशत महंगा हुआ है, अमेरिका में 45 प्रतिशत, कनाड़ा में 30 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया में भी पेट्रोल 30 प्रतिशत महंगा हुआ है और वहीं भारत में पेट्रोल शून्य प्रतिशत महंगा हुआ है। बस यही भारत की ताकत है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृ्त्व है जो कह रहा है कि मैं आम आदमी पर आंच नहीं आने दूंगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से केवल अपील की है, कोई निर्देश नहीं दिए और न ही कोई कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि आप एक साल तक वर्क फ्रॉम होम करिए, इसमें क्या परेशानी है। दूसरा, अगले एक साल तक सोना मत खरीदिए; खाने की वस्तु की बात नहीं हो रही है...भारत के पास पर्याप्त भंडार है। लेकिन अगर वो कह रहे हैं कि एक साल तक सोना मत खरीदिए, तो इससे आम आदमी को क्या दिक्कत है? हां, उन लोगों को जरूर परेशानी हो सकती है, जो सोने की चम्मच के साथ पैदा हुए हैं। तीसरा, उन्होंने सार्वजनिक वाहनों के इस्तेमाल की अपील की है। आपने देखा कि प्रधानमंत्री को खुद मेट्रो में यात्रा करते हुए देखा गया है। यहां तक कि अरविंद केजरीवाल ने खुद इसके लिए ऑड-ईवन फॉर्मूले का इस्तेमाल किया था। चौथा, प्राकृतिक खेती तो यह देश और किसानों के लिए अच्छा विकल्प ही है। पांचवां, स्वदेशी ब्रांड का इस्तेमाल करने में भी किसी को क्या दिक्कत हो सकती है? हां, कांग्रेस को जरूर दिक्कत होती है, क्योंकि जिस पार्टी का गठन ही किसी विदेशी ने किया, उनको जरूर स्वदेशी शब्द से दिक्कत हो सकती है।

--आईएएनएस

एमएस/