पीएम मोदी के 12 साल के ऐतिहासिक कार्यकाल पर वडनगर में भव्य आयोजन, हाटकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा
वडनगर, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पीएम मोदी की जन्मभूमि वडनगर में स्थित ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य महाआरती, रामधुन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग, भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक, राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लेकर देशहित में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
कार्यक्रम में शामिल हेली पटेल ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में काफी प्रगति की है। देश की अर्थव्यवस्था पहले की तुलना में काफी मजबूत हुई है। महिलाओं और बेटियों के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने नमो लक्ष्मी योजना, सरस्वती योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज शिक्षा, सड़क नेटवर्क और बिजली कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
बेला बेन ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को करीब से देखा है और वह एक अच्छे नेता हैं। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए शुरू की गई योजनाओं का लाभ समाज के बड़े वर्ग को मिल रहा है। आज वह हाटकेश्वर महादेव मंदिर में प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना करने पहुंची हैं।
चेतना बेन ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं आम लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित हुई हैं। महिलाओं के लिए भी कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि वर्ष 2029 में भी नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनें।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वडनगर की धरती ने ऐसे नेता को जन्म दिया है जिसने विकास की राजनीति को नई दिशा दी है।
इस आयोजन को लेकर वडनगर के एडवोकेट विष्णुजी ठाकोर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वडनगर के अनमोल रत्न हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में 10 हजार दीप जलाने की व्यवस्था की गई।
गर्मी को देखते हुए सामाजिक सेवा के कार्य भी किए गए। गोविंद भाई प्रजापति ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए छाछ वितरण की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की इस बड़ी उपलब्धि के अवसर पर यह उनका छोटा सा योगदान है।
हाटकेश्वर मंदिर के सचिव अरविंद भाई पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना की गई। प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने तेज गति से विकास किया है और विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम