×

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वडनगर पहुंचे अमित शाह, कहा-पीएम मोदी के जीवन का क्षण-क्षण राष्ट्र को समर्पित

 

वडनगर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को उनके पैतृक गांव वडनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और समस्त देशवासियों का अभिनंदन किया।

अमित शाह ने कहा, "आज मेरा सौभाग्य है कि मैं पीएम मोदी के जन्मदिन के दिन ही उनके पैतृक गांव आया हूं, जहां उनका जन्म हुआ था। यहां पर पौराणिक काल से स्थित हटकेश्वर महादेव का शिव मंदिर है। ये मंदिर सोलंकी युग से समग्र गुजरात के लिए श्रद्धा का केंद्र है। मैं आज हटकेश्वर महादेव के चरणों में प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वास्थ्यपूर्ण लंबे जीवन के लिए करबद्ध निवेदन करता हूं।"

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि आज यहां से एक विशेष यात्रा का शुभारंभ होगा, जो सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। यह यात्रा वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी, यानी मोदी जी की जन्मभूमि से लेकर उनकी कर्मभूमि तक।

उन्होंने कहा, "ये यात्रा हटकेश्वर महादेव के प्रांगण से निकलकर काशी विश्वनाथ के चरणों तक पहुंचेगी। इस यात्रा में हमारे 300 बाइकर्स यहां से और 300 बाइकर्स वाराणसी से आज ही निकलेंगे और ये 600 बाइकर्स 7 राज्यों को कवर करते हुए अनेकानेक गांवों में मोदी जी के 25 साल के काम का संदेश पहुंचाते हुए निकलेंगे।"

अमित शाह ने कहा कि 25 वर्ष इसलिए कह रहे हैं क्योंकि आज मोदी जी का जन्मदिन है लेकिन 7 अक्टूबर को वो दिन है जिस दिन मोदी जी राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूर्ण करेंगे।

उन्होंने कहा, "जबसे देश आजाद हुआ, तबसे लेकर आज तक किसी भी राजनेता ने 25 साल तक राज्य के मुखिया और देश के मुखिया के रूप में सेवा देने का रिकॉर्ड नहीं बनाया। पीएम मोदी एक ऐसे नेता हैं, जिन्होंने 25 साल तक लगातार जनादेश प्राप्त कर, जनता के आशीर्वाद से ये काम किया है। ये देश के सार्वजनिक जीवन में बहुत बड़ी बात है। भाजपा और एनडीए के साथी दलों ने तय किया है कि इस अवसर को देश भर की जनता के पास लेकर जाएंगे।"

अमित शाह ने कहा, "कुछ लोग जो वक्रदृष्टा होते हैं, कहते हैं कि इसकी क्या जरूरत है? तो मैं आज उनको कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी का जीवन ऐसा जीवन है, जिसका परिचय भारत के हर बालक को, हर किशोर को और हर युवा को कराना जरूरी है। जिससे आने वाले दिनों में सैकड़ों नरेन्द्र मोदी निकलें और भारत को अपनी जगह पर पहुंचाएं।"

अमित शाह ने मोदी सरकार के कार्यकाल के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "आज पीएम मोदी के कारण ही जम्मू कश्मीर, नक्सल प्रभावित क्षेत्र और पूर्वोत्तर विकास के रास्ते पर चल पड़े हैं।"

महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा, "नारीशक्ति का सम्मान, सेना, पुलिस, विज्ञान, स्टार्टअप, ड्रोन और खेल के क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। अभी विपक्ष के नेता रोककर बैठे हैं, मगर मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद में और विधानमंडलों में 33 प्रतिशत मातृशक्ति का आरक्षण होकर ही रहेगा।"

आदिवासी कल्याण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय, पीएम जनमन, वाइब्रेंट विलेज और बस्तर आज आदिवासी कल्याण के मुख्य स्तंभ बने हैं। राष्ट्रीय चेतना और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियों पर शाह ने कहा, "नया संसद भवन बनाना, सेंगोल को वहां रखना, इसने राष्ट्रीय चेतना को जागृत किया है। चंद्रयान, आदित्य एल1 और शिवशक्ति पॉइंट ने आकाश में भारत के दबदबे को आगे बढ़ाया है।"

अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "मैं आज उनके जन्मदिवस पर इतना ही कहना चाहता हूं कि उनके जीवन की व्याख्या केवल दो शब्दों में की जा सकती है, वह है- भारत प्रथम। भारत माता की आराधना के लिए, भारत माता की संतानों के कल्याण के लिए और भारत के भू-भाग को समग्र विश्व में सम्मान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री ने अपना पूरा जीवन खर्च किया है। शरीर का कण-कण और जीवन का क्षण-क्षण भारत माता को समर्पित किया है।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम