×

पावरप्ले के बाद बल्ले से योगदान देना खास रहा: प्रियांश आर्या

 

न्यू चंडीगढ़, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 54 रनों से हराया। इस मुकाबले में पीबीकेएस के बल्लेबाज प्रियांश आर्या का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने 37 गेंदों में 93 रनों की धमाकेदार पारी खेली।

पंजाब किंग्स को मिली जीत के बाद प्रियांश आर्या ने कहा कि पावरप्ले के बाद बल्ले से योगदान देकर उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने कहा, "पावरप्ले के बाद इस मुकाबले में मैंने टीम के लिए योगदान दिया और यह मेरे लिए बहुत खास था। मैं छक्के मारने की प्रैक्टिस नहीं करता, बल्कि मैं गेंद को सही समय पर हिट करने की कोशिश करता हूं। आनंद सर और बिरला सर, जो हमारे ट्रेनर हैं, हमें शेड्यूल भेजते हैं और मैं उसे फॉलो करता हूं। इससे मुझे फिट रहने में मदद मिलती है। मैं मैदान के बीच में बहुत ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, क्योंकि इससे मेरा दिमाग शांत रहता है। मैंने पॉइंट के ऊपर से एक शॉट खेला; यह मेरा पसंदीदा शॉट है।"

प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपनी 93 रनों की पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए। उन्होंने कूपर कोनोली के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। भले ही प्रियांश अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी शानदार बल्लेबाजी के बूते पंजाब किंग्स इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए। कोनोली भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने46 गेंदों में 87 रनों की दमदार पारी खेली।

255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलएसजी की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि एडेन मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए। हालांकि, पंत और मार्करम अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। मिचेल मार्श भी 28 गेंदों में 40 रन बनाने के बाद युजवेंद्र चहल का शिकार बने।

आईएएनएस

एसएम/डीकेपी