पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर राजनाथ सिंह और अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। देश के 13वें राष्ट्रपति रहे प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनकी समर्पित सेवा और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं में उनके अमूल्य योगदान को सदैव कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणब मुखर्जी जी को उनकी पुण्यतिथि पर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। असाधारण मेधा के धनी और विद्वान राजनेता, प्रणब दा ने अपनी बुद्धिमत्ता, राजनीतिक सूझ-बूझ और संसदीय परंपराओं की गहरी समझ से भारत के सार्वजनिक जीवन को समृद्ध किया। विभिन्न विचारों को एक साथ लाने और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर आम सहमति बनाने की उनकी क्षमता उनके विशिष्ट सार्वजनिक जीवन की पहचान थी। राष्ट्र के प्रति उनकी समर्पित सेवा और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं में उनके अमूल्य योगदान को सदैव कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।"
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, "पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. प्रणब मुखर्जी जी को उनकी पुण्यतिथि पर याद करता हूं। एक बेहतरीन प्रशासक और विद्वान प्रणब दा ने सार्वजनिक जीवन में अपनी दशकों लंबी यात्रा के दौरान देश और उसके संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण पेश किया। उनकी अमिट विरासत नए नेताओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है।"
केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लिखा, "लोकप्रिय राजनेता और देश के पूर्व राष्ट्रपति 'भारत रत्न' रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता और स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति रहे 'प्रणब बाबू ' ने राजनीति के माध्यम से राष्ट्र और समाज की जो अनुकरणीय सेवा की है, वह सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी।"
--आईएएनएस
डीसीएच/