×

पुलिस ने खोजे 121 गुम हुए स्मार्टफोन, मालिकों को लौटाए मोबाइल

 

ग्रेटर नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम हुए 121 कीमती स्मार्टफोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार की गई।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय राजीव गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में सेंट्रल नोएडा सर्विलांस सेल और थाना सूरजपुर पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न कंपनियों के 121 स्मार्टफोन सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की सहायता से खोजे गए। ये मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में लोगों से गुम हो गए थे, जिनकी शिकायतें सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थानों में दर्ज थीं। तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने इन मोबाइल फोनों को बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अधिकांश मोबाइल फोन भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी और फल मंडियों तथा साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान गिर गए थे। कई मोबाइल ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो ट्रेनों में यात्रा के दौरान छूट गए। कुछ लोगों के मोबाइल बाइक चलाते समय लोअर या पाजामे की जेब से स्पीड ब्रेकर पर गिर गए थे।

इसके अलावा, सार्वजनिक पार्कों में व्यायाम या खेलकूद के दौरान, शादी समारोहों में नृत्य करते समय, बारात और कार्यक्रम स्थलों पर भी कई मोबाइल गुम हो गए थे। कुछ मामले ऐसे भी सामने आए जिनमें शराब के नशे में लोगों के मोबाइल कहीं गिर गए या छूट गए। धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी कई लोगों के मोबाइल खो गए थे। वहीं, कुछ मोबाइल बच्चों द्वारा गेम खेलने के दौरान कहीं रख दिए जाने के कारण गुम हो गए थे।

मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी