×

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

 

ग्रेटर नोएडा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के तहत कासना थाने की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो 350 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को थाना कासना पुलिस क्षेत्र में नियमित चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान कस्बा कासना क्षेत्र से पुलिस ने चांद पुत्र रफीक को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के गांजे की अवैध बिक्री से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 138/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद पुत्र रफीक, निवासी गली नंबर-3, मेट्रो पिलर नंबर-99 के सामने, सलारपुर, थाना सेक्टर-39, नोएडा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी सेक्टर-39 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसके अलावा वर्ष 2025 में थाना सेक्टर-49 और थाना फेस-2 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत चोरी, आपराधिक कृत्य और अन्य मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

कासना पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। यदि पूछताछ में किसी गिरोह या अन्य तस्करों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी