पीएम नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक को जयंती पर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के दो बार मुख्यमंत्री रहे बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं बीजू पटनायक को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ओडिशा की प्रगति को आगे बढ़ाने के प्रति उनके जुनून को याद करता हूं।"
बीजू पटनायक का जन्म 5 मार्च 1916 को गंजाम के भंज नगर में कायस्थ परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम लक्ष्मीनारायण और माता का आशालता पटनायक था। कटक के रावेनशॉ कॉलेज में शिक्षा ग्रहण की थी। बताया जाता है कि हवाई जहाज उड़ाने में रुचि के कारण कॉलेज छोड़कर और पायलट के रूप में ट्रेनिंग ली। बाद में द्वितीय विश्व युद्ध के शुरू में पटनायक रॉयल इंडियन एयरफोर्स में शामिल हो गए।
बीजू पटनायक दो बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद उनके बेटे नवीन पटनायक ने लगातार चार बार राज्य की कुर्सी संभाली। बीजू को दूसरे विश्वयुद्ध और 1948 में कश्मीर युद्ध के दौरान बतौर पायलट साहसी कामों के लिए याद किया जाता है।
बंटवारे के बाद अक्टूबर 1947 में जब पाकिस्तानी कबायली हमलावरों ने कश्मीर पर हमला किया, तो बीजू पटनायक दिल्ली से डकोटा डीसी-3 विमान लेकर उड़े थे। पटनायक को भारतीय सेना की टुकड़ी को जल्दी से जल्दी श्रीनगर पहुंचाना था, क्योंकि अगर कबायली श्रीनगर पहुंच गए होते, तो बीजू का विमान वहां फंस जाता।
उन्होंने 27 अक्टूबर 1947 को अपने विमान से श्रीनगर की हवाई पट्टी के लिए उड़ान भरी। इनके साथ सिख रेजिमेंट के 17 जवानों की टुकड़ी थी। बीजू पटनायक ने पहले तो विमान से श्रीनगर के चारों ओर एक चक्कर लगाया। इसके बाद एक झटके में उनके विमान ने हवा में एकदम नीचे गोता लगाया और फिर हवाई पट्टी से कुछ फुट की ऊंचाई से गुजरा। जब उन्होंने सुनिश्चित कर लिया कि श्रीनगर की हवाई पट्टी सुरक्षित है, उस पर दुश्मनों का कब्जा नहीं हुआ है, तो विमान को उतार दिया।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी