×

BRICS में PM मोदी की मैराथन बैठकें: जानिए पुतिन, जिनपिंग और पेज़ेशकियान से मुलाकात का पूरा टाइम-टेबल

 

नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS Summit 2026 को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। समिट में हिस्सा लेने के लिए विदेशी नेताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नई दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को भारत पहुंचेंगे।

समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इन बैठकों में व्यापार, रणनीतिक सहयोग, सुरक्षा, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

11 सितंबर को PM मोदी की अहम बैठकें

11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसके अलावा पीएम मोदी ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात करेंगे।

12 सितंबर को कई नेताओं से होगी मुलाकात

12 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की इथियोपिया के प्रधानमंत्री Abiy Ahmed Ali के साथ बैठक होगी। इसके बाद मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात होगी।

पीएम मोदी अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और वियतनाम के प्रधानमंत्री Le Minh Hung के साथ भी वार्ता करेंगे।

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच भी अहम मुलाकात होगी।

13 सितंबर को भी बैठकों का सिलसिला जारी

13 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी की कजाकिस्तान के राष्ट्रपति Kassym-Jomart Tokayev के साथ बैठक होगी। इसके अलावा फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति Matamela Cyril Ramaphosa से भी पीएम मोदी मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की बुरुंडी के राष्ट्रपति Evariste Ndayishimiye, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति Kashim Shettima और युगांडा की उपराष्ट्रपति Jessica Alupo के साथ भी बैठक होगी।

BRICS Summit को लेकर दिल्ली में सुरक्षा चाक-चौबंद

BRICS Summit को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए हजारों सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। NSG के 100 से ज्यादा ब्लैक कैट कमांडो और दिल्ली पुलिस की SWAT टीमें भी सुरक्षा में तैनात हैं।

भारत मंडपम और विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले प्रमुख होटलों के आसपास हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम और रडार लगाए गए हैं। आसमान से भी लगातार निगरानी की जा रही है।

13 सितंबर तक दिल्ली में ट्रैफिक पर सख्ती

VIP और विदेशी नेताओं के काफिलों की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं और कई प्रमुख सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में स्कूल, कॉलेज और कई दफ्तरों को बंद रखा गया है। दिल्ली से सटे बॉर्डर इलाकों में भी संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

BRICS Summit के दौरान राजधानी में दुनिया के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी, ऐसे में अगले तीन दिन दिल्ली के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।