पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’, वीडियो में जाने 76वें जन्मदिन पर खास तैयारियां; 10 राज्यों से निकलेगी बाइक यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को 76 साल के हो जाएंगे। उनके जन्मदिन के मौके पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस अवसर पर शाम 6 बजे से 7 बजे तक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने की अपील की है। इसके तहत देश के अलग-अलग राज्यों में लाखों दीप जलाकर प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की थी कि वे प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर अपने घरों के बाहर दीये जलाएं। इसके बाद कई राज्यों में बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी गई है।
मध्य प्रदेश में जलेंगे 58 लाख से ज्यादा दीये
मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर करीब 58 लाख दीये जलाने की तैयारी है। उज्जैन में सबसे बड़ा आयोजन होगा, जहां 25 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के हर ब्लॉक में 225 दीप सजाने की योजना बनाई गई है।छत्तीसगढ़ में भी करीब 36 लाख दीये जलाने की तैयारी है। वहीं हरियाणा में 79.52 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे। हरियाणा सरकार ने अंत्योदय परिवारों को भी इस आयोजन से जोड़ने की तैयारी की है। प्रदेश के अंत्योदय परिवारों को दो-दो दीये निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए कुल 79,52,546 दीयों का आवंटन किया गया है।
पश्चिम बंगाल में घाटों पर दिखेगा दीपों का नजारा
पश्चिम बंगाल में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विशेष आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर की शाम हुगली नदी के किनारे 10 से ज्यादा घाटों को दीपों से रोशन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने करीब 8 लाख दीयों की व्यवस्था की है।
वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी बाइक यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उनके जन्मस्थान गुजरात के वडनगर और लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के बीच विशेष बाइक यात्रा भी निकाली जाएगी। करीब 1300 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शामिल होंगे।जानकारी के अनुसार, एक बाइक यात्रा वडनगर से वाराणसी पहुंचेगी, जबकि उसी दिन दूसरी यात्रा वाराणसी से वडनगर के लिए रवाना होगी। इस यात्रा में करीब 1000 युवा, 10 राज्य और 193 जिले जुड़ेंगे। यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को किया जाएगा।
देशभर में होंगे कई कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दीप प्रज्वलन, बाइक यात्रा और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए लोग प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देने की तैयारी कर रहे हैं।इस बार जन्मदिन समारोह में बड़े पैमाने पर जनभागीदारी देखने को मिल रही है। अलग-अलग राज्यों में होने वाले कार्यक्रमों में लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।