PM मोदी का 76वां जन्मदिन: बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की किस्त जारी, देश भर में जश्न का माहौल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर देशभर में सेवा-संकल्प अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की किश्त जारी की।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के लोगों को लंबे समय तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे उन्हें नुकसान हुआ।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को दुनिया के लोकप्रिय नेताओं में शामिल बताते हुए उनके जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली को रवाना किया। वाराणसी से भी वडनगर के लिए बाइक रैली शुरू हुई है।
इस रैली में करीब 600 बाइकर्स शामिल हो रहे हैं। इसमें 10 राज्यों और 193 जिलों से लोग हिस्सा लेंगे। रैली का समापन 7 अक्टूबर को होने की बात कही गई है।
शाम को देशभर में जलाए जाएंगे 'आशीर्वाद के दीये'
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर गुरुवार शाम 6 से 7 बजे के बीच कई जगहों पर 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से घरों के बाहर दीये जलाने की अपील की है।
मध्य प्रदेश में करीब 58 लाख, छत्तीसगढ़ में 36 लाख, हरियाणा में 79.52 लाख और पश्चिम बंगाल में 70 लाख दीये जलाने की तैयारी की गई है।
अमित शाह ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
अमित शाह ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में उनके 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार काम किया है।
शाह के भाषण की प्रमुख बातें:
1. 25 साल तक लगातार सेवा
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने करीब 25 साल तक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार काम किया। उन्होंने मोदी के लंबे कार्य घंटों का भी उल्लेख किया।
2. 'इंडिया फर्स्ट' का मंत्र
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'इंडिया फर्स्ट' के मंत्र को प्राथमिकता देते हुए देश के विकास के लिए लगातार काम किया।
3. 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का दावा
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम हुआ। उन्होंने गरीबों के लिए आवास, बिजली, नल का पानी, शौचालय, गैस और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का जिक्र किया।
4. 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और स्वास्थ्य कवर
शाह ने कहा कि करीब 80 करोड़ लोगों को हर महीने प्रति व्यक्ति 5 किलो मुफ्त अनाज और 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर दिया गया। उन्होंने गरीबों को उपलब्ध कराई गई अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी उल्लेख किया।
5. राष्ट्रीय सुरक्षा और सुशासन
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में स्पष्टता लाई और सुशासन के जरिए भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और घोटालों से निपटने का काम किया। उन्होंने पीएम मोदी के खुद को 'प्रधान सेवक' कहने का भी उल्लेख किया।
वाराणसी में बाइकर्स को बांटे गए लड्डू
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बाइकर्स को लड्डू बांटे।
ये बाइकर्स वाराणसी से वडनगर तक यात्रा करेंगे और प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सेवा का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।
हुगली नदी के किनारे जलेंगे 8.5 लाख दीये
पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर हुगली नदी के किनारे 10 से ज्यादा घाटों को दीयों से रोशन करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 8.5 लाख दीयों की व्यवस्था की गई है।
बाजा कदमताल घाट पर अकेले करीब एक लाख दीये जलाए जाने की तैयारी है।
हरियाणा में 79.52 लाख दीये बांटने की तैयारी
हरियाणा सरकार अंत्योदय परिवारों को दो-दो दीये मुफ्त उपलब्ध कराएगी। प्रदेश में कुल 39,76,273 राशन कार्ड हैं। इनके लिए कुल 79,52,546 दीये आवंटित किए गए हैं।
उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीये जलाने की तैयारी
मध्य प्रदेश में कुल 58 लाख दीये जलाने की तैयारी है। अकेले उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएंगे।
हर ब्लॉक में 225 दीये सजाए जाएंगे। इन्हें जलाने की जिम्मेदारी दो वॉलंटियर्स की होगी। दोनों वॉलंटियर्स को करीब 3 मिनट में एक ब्लॉक के सभी दीये जलाने होंगे, जिससे शिप्रा नदी के अलग-अलग घाट एक साथ रोशन होंगे।
पीएम मोदी के राजनीतिक सफर की प्रमुख पड़ाव
नरेंद्र मोदी कम उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे और बाद में संगठन में प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके बाद वर्ष 2001 में वह पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने। प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।
पीएम मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा के दौरान भी संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाली थी।
प्रधानमंत्री के लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड
17 सितंबर 2026 तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के पद पर 4,497 दिन पूरे कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4,077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पार किया है।
हालांकि, लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अभी भी जवाहरलाल नेहरू के नाम है। नेहरू 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक लगातार प्रधानमंत्री रहे और उनका कार्यकाल 6,126 दिनों का था।
वडनगर में अमित शाह ने की पूजा-अर्चना
अमित शाह पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए गुजरात के वडनगर पहुंचे। उन्होंने हाटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री की लंबी उम्र एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना की।
वडनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई नेता भी कार्यक्रमों में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर देश के अलग-अलग राज्यों में सेवा, स्वास्थ्य, सामाजिक कार्यक्रम और जनसंपर्क से जुड़े कई आयोजन किए जा रहे हैं।