PM मोदी का राहुल गांधी पर निशाना, वीडियो में बोले- ‘पता नहीं कांग्रेस कब तक अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को NDTV वर्ल्ड समिट 2026 में वैश्विक राजनीति और भारत की भूमिका पर चर्चा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि दुनिया जहां नए वर्ल्ड ऑर्डर की तलाश में है, वहीं कुछ लोग भारत में डिसऑर्डर के सपने देख रहे हैं। कुछ लोग विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करने में लगे हैं। पीएम ने तंज कसते हुए कहा, “पता नहीं कब तक कांग्रेस अपने फेल प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी।”नई दिल्ली में आयोजित इस समिट में प्रधानमंत्री ने वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और इनका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है।
‘दुनिया नए वर्ल्ड ऑर्डर की तलाश में’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया नए वर्ल्ड ऑर्डर की चर्चा कर रही है। इसे समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि मौजूदा वैश्विक व्यवस्था में बदलाव क्यों हो रहा है और इस बदलाव में भारत की क्या भूमिका हो सकती है।उन्होंने कोरोना महामारी के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय दुनिया को सहयोग की जरूरत थी, लेकिन कई देशों ने अपने स्वार्थ को प्राथमिकता दी। मोदी के मुताबिक, उन्होंने उस समय भी कहा था कि दुनिया को एक नए वर्ल्ड ऑर्डर की जरूरत है।प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में होने वाले बदलाव केवल देशों के आपसी संबंधों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका प्रभाव आम नागरिकों की जिंदगी, अर्थव्यवस्था और भविष्य पर भी पड़ता है।
दूसरे विश्व युद्ध से दुनिया ने सीखा था सबक
पीएम मोदी ने दूसरे विश्व युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि उस युद्ध ने दुनिया को एक बड़ा सबक दिया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने समझा कि देशों के बीच सम्मान, सहयोग और विवादों का शांतिपूर्ण समाधान जरूरी है।उन्होंने कहा कि इन्हीं विचारों के आधार पर संयुक्त राष्ट्र (UN) जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था की नींव रखी गई। इसका उद्देश्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाना और वैश्विक विवादों के समाधान के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना था।हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में वैश्विक राजनीति, सुरक्षा और आर्थिक हितों को लेकर नए सवाल सामने आ रहे हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।
AI और अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका पर भी बात
NDTV वर्ल्ड समिट में प्रधानमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वैश्विक अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर भी चर्चा की। तकनीक में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भारत की भूमिका और भविष्य की संभावनाएं इस कार्यक्रम के प्रमुख विषयों में शामिल रहीं।प्रधानमंत्री के संबोधन में एक ओर वैश्विक व्यवस्था में बदलाव और भारत अंतरराष्ट्रीय भूमिका का मुद्दा प्रमुख रहा, तो दूसरी ओर उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला भी किया।
विदेशों में भारत को बदनाम करने का लगाया आरोप
प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग विदेशों में जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की राजनीति देश के हितों को नुकसान पहुंचा सकती है।राहुल गांधी का नाम लिए बिना कांग्रेस के कथित राजनीतिक रवैये पर तंज कसते हुए मोदी ने ‘फेल प्रोडक्ट’ वाली टिप्पणी की। यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच कई राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं।प्रधानमंत्री के संबोधन में वैश्विक सहयोग, बदलती अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और भारत की भूमिका के साथ-साथ घरेलू राजनीति भी चर्चा का हिस्सा रही।