PM मोदी ने उद्योगपतियों को लगाई फटकार, वीडियो में बोले- स्वदेशी का महत्व आपको क्यों बताना पड़ रहा? कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार बढ़ाने पर भी पूछे सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश के बड़े उद्योगपतियों को स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और कर्मचारियों के हितों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। दिल्ली में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के 100वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने उद्योग जगत के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी करीब 100 साल पहले देशवासियों को स्वदेशी अपनाने का संदेश दे गए थे। इसके बावजूद आज सरकार को उद्योगपतियों से स्वदेशी का महत्व समझाने की जरूरत पड़ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "स्वदेशी का महत्व आपको क्यों बताना पड़ रहा है? गांधी जी स्वदेशी अपनाने का संदेश दे गए। सोचिए, 100 साल बीत चुके हैं। आज मुझे भी वही बात दोहरानी पड़ रही है। मेरी बात मत मानिए, कम से कम गांधीजी की तो मानिए भाई।" पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि देश की आर्थिक मजबूती के लिए स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना जरूरी है। उद्योग जगत को केवल सरकार से उम्मीद रखने के बजाय खुद भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
टैक्स में राहत दी, कंपनियों ने कर्मचारियों को क्या दिया?
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कॉर्पोरेट टैक्स में की गई कटौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत की है। इसके अलावा व्यक्तिगत आयकर में भी राहत दी गई है और 12 लाख रुपए तक की सालाना आय को नई कर व्यवस्था के तहत करमुक्त किया गया है।पीएम ने उद्योगपतियों से सवाल किया कि सरकार की ओर से टैक्स में राहत दिए जाने के बाद क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या कंपनियों में कर्मचारियों की संख्या बढ़ी? उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को भी यह बताना चाहिए कि सरकार की ओर से दी गई राहत का लाभ कर्मचारियों और रोजगार के अवसरों तक कितना पहुंचा।उन्होंने कंपनियों के रवैये पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि उद्योगपति सरकार से कहते हैं, 'मोदी जी, आप करिए, हम तो सिर्फ देखते रहेंगे। क्या ऐसे ही काम चलता रहेगा?'
एक्सपोर्ट क्वालिटी के नाम पर ग्राहकों को क्यों समझाते हैं?
प्रधानमंत्री ने भारतीय कंपनियों की उत्पाद गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार कंपनियां अपने ग्राहकों को उत्पाद बेचते समय कहती हैं कि यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का सामान है। पीएम ने पूछा कि क्या देश के नागरिक अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों के हकदार नहीं हैं?उन्होंने कहा, "आप कस्टमर्स से कहते हैं, अरे लीजिए एक्सपोर्ट क्वालिटी है। आप देश के लोगों को क्या समझते हो भाई? क्या वो अच्छी क्वालिटी के हकदार नहीं हैं क्या?"पीएम मोदी ने कहा कि आज भी जब किसी ग्राहक को बताया जाता है कि कोई सामान निर्यात गुणवत्ता का है तो उसे लगता है कि यह बेहतर उत्पाद होगा। इस सोच को बदलने की जरूरत है। देश के नागरिकों को भी वही गुणवत्ता मिलनी चाहिए, जो कंपनियां विदेशों में अपने उत्पाद बेचते समय उपलब्ध कराती हैं।
भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से घरेलू बाजार को भी उतनी ही प्राथमिकता देने की अपील की, जितनी वे निर्यात बाजार को देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ग्राहकों को अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराना कंपनियों की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में पीएम मोदी ने स्वदेशी उत्पादन, रोजगार बढ़ाने, कर्मचारियों की आय में सुधार और उत्पादों की गुणवत्ता को उद्योग जगत की प्राथमिकताओं में शामिल करने पर जोर दिया।उनके संबोधन का मुख्य संदेश था कि सरकार आर्थिक सुधारों और करों में राहत के जरिए उद्योगों को अवसर दे रही है, लेकिन देश की आर्थिक प्रगति में उद्योगपतियों की भागीदारी भी जरूरी है। स्वदेशी को बढ़ावा देने के साथ कंपनियों को घरेलू ग्राहकों और अपने कर्मचारियों के हितों पर भी ध्यान देना चाहिए।