☰
×

पीएम मोदी पर केजरीवाल की टिप्पणी अराजक मानसिकता का प्रतीक: मंत्री आशीष सूद

 

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में महिला सुरक्षा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अरविंद केजरीवाल की टिप्पणियों पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद और भाजपा विधायक अभय वर्मा ने केजरीवाल के बयानों को लेकर सवाल उठाए और सरकार की ओर से महिला सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।

मंत्री आशीष सूद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को लेकर जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह केवल आरोप नहीं बल्कि बदतमीजी है। केजरीवाल भूल जाते हैं कि वह पहले संवैधानिक पद पर रह चुके हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री भी रहे हैं। इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल उनकी कथित अराजकतावादी सोच को दर्शाता है।

आशीष सूद ने केजरीवाल की राजनीतिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल इस समय अपनी राजनीतिक और विपक्षी दलों के बीच अपनी प्रासंगिकता तलाशते दिखाई दे रहे हैं। इसी वजह से वह स्तरहीन और हल्की बातें कर रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल के कुछ बयानों को लेकर उन्हें 'अर्बन नक्सल' से जोड़ते हुए भी टिप्पणी की।

महिला सुरक्षा को लेकर अरविंद केजरीवाल के सवालों पर आशीष सूद ने कहा कि यह सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दा है। पुलिस सुधारों के साथ-साथ दिल्ली में ऐसे 'डार्क स्पॉट्स' की पहचान की जा रही है, जहां रोशनी की कमी है। इसके अलावा, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़े डार्क स्पॉट्स को भी चिन्हित करने की बात उन्होंने कही। सूद ने कहा कि रात के समय किसी स्थान पर अचानक मोबाइल नेटवर्क चले जाने से लोगों, खासकर महिलाओं में सुरक्षा को लेकर घबराहट पैदा हो सकती है। ऐसे स्थानों को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से देखा जा रहा है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों की थानों में ज्यादा तैनाती समेत कई अन्य सुधारों का भी जिक्र किया।

मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों में कथित तौर पर बड़ी गड़बड़ियां हुई थीं। उन्होंने स्कूलों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में भी कमियां होने का दावा किया। सूद ने कहा कि वर्तमान सरकार इन कमियों को दूर करने पर काम कर रही है।

भाजपा विधायक अभय वर्मा ने भी अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री मोदी को लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि केजरीवाल स्वयं संवैधानिक पद पर रह चुके हैं, इसलिए उनसे इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती। अभय वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने प्रधानमंत्री के बारे में 'निंदनीय शब्दों' का इस्तेमाल किया और व्यक्तिगत स्तर तक जाकर टिप्पणी की। किसी पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह के शब्दों का प्रयोग शोभा नहीं देता।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने किसी भी गलत कार्य का समर्थन नहीं किया है, लेकिन केजरीवाल जिस तरह प्रधानमंत्री को अपने बयानों में घसीट रहे हैं और उनके नाम को कथित तौर पर बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, उसकी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और इस तरह के व्यवहार का जवाब जनता देगी।

--आईएएनएस

पीएसके