पीएम मोदी ने शेयर किया ब्रिक्स समिट का खास वीडियो, शी जिनपिंग और पुतिन संग दिखी शानदार केमिस्ट्री
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन चल रहा है। पूरे दिन ब्रिक्स देशों के नेताओं ने शनिवार को बैठकें कीं और फिर रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिनभर हुई गतिविधियों से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया है।
इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ बैठक में शामिल होते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक बेहद महत्वपूर्ण दृश्य भी दिखाया गया है, जिसमें तीन बड़े, प्रभावशाली और ताकतवर देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक साथ नजर आ रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल हैं, जो आपस में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं।
यह दृश्य इसलिए अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जिस तरह तीनों नेता आपस में बातचीत कर रहे हैं, उससे उनके बीच बेहतर समन्वय और संवाद का संकेत मिलता है।
इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ब्रिक्स बैठक में दिए गए संबोधन का एक हिस्सा भी साझा किया गया है, जिसमें वह कहते हैं, "यदि हमारा भविष्य साझा है तो उसके निर्माण का अधिकार भी साझा होना चाहिए।" उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ को 'रूल टेकर' से 'रूल शेपर' बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 के ब्रिक्स दिल्ली शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र को सर्वसम्मति से अपनाया गया है।
साथ ही सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने एक साथ पौधरोपण किया, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। साथ ही सभी नेताओं ने 'भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी' का भी दौरा किया।
सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने समूह फोटोशूट में भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में भारत और चीन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता की झलक भी दिखाई गई है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी