पीएम मोदी ने नांदेड़ में हुए हादसे में 8 लोगों की मौत पर जताया दुख, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने घोषणा की है कि राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरसी) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"
बता दें कि महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार शाम को एक ट्रक और टाटा मैजिक वैन के बीच भीषण दुर्घटना हुई। इसमें कम से कम 8 यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह हादसा नांदेड़-भोकर हाईवे पर वाकद गांव के पास सीताखंडी इलाके में हुआ। वैन नांदेड़ से भोकर की ओर जा रही थी, तभी ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहनों के बीच तेजी से आमने-सामने की टक्कर हुई। ट्रक ने इतनी जोर से टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से दूर जा गिरी। इस घटना में ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिगस्त हो गया।
बताया गया कि वैन में कुल 12 लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच चुकी थी। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल के लिए भेजा। वहीं, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस इस घटना के पीछे के कारण की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/