पीएम मोदी ने सिर्फ यूपी नहीं, सभी देशवासियों को दी गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात: ओपी राजभर
मुरादाबाद, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है।
मुरादाबाद में आईएएनएस से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जो सपना है कि 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का, उसकी एक महत्वपूर्ण कड़ी आज गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन है। प्रधानमंत्री खुद इसकी शुरुआत कर रहे हैं। यह उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह सौगात केवल उत्तर प्रदेशवासियों के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लोगों के लिए है। राजभर ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए बताया कि कल तक उत्तर प्रदेश में मात्र दो एक्सप्रेसवे थे, आज 22 एक्सप्रेसवे हो गए हैं।
बंगाल चुनाव के बीच आईपीएस अजय पाल शर्मा के वायरल वीडियो पर विपक्षी दलों के नेताओं के बयान पर ओपी राजभर ने कहा कि यह चुनाव आयोग का विषय है। उनके संज्ञान में बात आई होगी।
अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि सत्ता का सपना देखने वाले हमेशा नफरत की भाषा बोलते हैं। एक राजा या नेता का कर्तव्य न्यायपूर्ण और सकारात्मक बात करना होता है, न कि अपमान और विभाजन। हमेशा वे अपनी बात करते हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सत्याग्रह करने के मामले पर ओपी राजभर ने कहा कि केजरीवाल गलती करेंगे तो सजा मिलेगी, अब वे सत्याग्रह कर रहे हैं। अदालत से केजरीवाल को यह लगता है कि उनके पक्ष में ही सारे फैसले सुनाए जाए। लेकिन, ऐसा नहीं होता है।
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर ओपी राजभर ने कहा कि वे और उनकी पार्टी एनडीए के साथ है। एक बार जब हम किसी का दामन थाम लेते हैं तो पीठ नहीं दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
एक्स पोस्ट में ओपी राजभर ने लिखा कि मुरादाबाद में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के जनपदीय अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लागू करें, ताकि आमजन को उनका पूरा लाभ मिल सके। प्रदेश सरकार गांव-गरीब, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस