पीएम मोदी ने बेंगलुरु की घटना पर जताई संवेदना, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए आर्थिक मदद की घोषणा
बेंगलुरु, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारी बारिश के बाद शिवाजीनगर स्थित सरकारी बोविंग अस्पताल की एक दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें तीन बच्चों सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है और मृतकों-घायलों के परिजनों के लिए आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया गया। बयान में कहा कि कर्नाटक के बेंगलुरु में दीवार गिरने की यह घटना बेहद दुखद है। पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर बारिश में ऐसे हादसे दोहराए जा रहे हैं, जो सरकार की तैयारियों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने विस्तृत जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा बोविंग अस्पताल के पास हुआ, जहां तेज बारिश के दौरान सड़क किनारे दुकानदार और अन्य लोग खड़े थे। जांच जारी है और प्रशासन ने पूरे मामले की समीक्षा शुरू कर दी है।
केरल के 56 लोगों का एक समूह बेंगलुरु की यात्रा पर आया था और कमर्शियल स्ट्रीट पर खरीदारी कर रहा था, तभी बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए कुछ लोग दीवार के पास जाकर खड़े हो गए, जिसके बाद दीवार गिर गई। इसमें दबकर सात लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में चार सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, केरल से आए दो पर्यटक और एक बच्चा शामिल हैं। एक मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी