☰
×

पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाने से राम मंदिर निर्माण तक असंभव को संभव किया: बाबूलाल मरांडी

 

रांची, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को ऐतिहासिक फैसलों का दौर बताते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे कदमों ने देश की दिशा बदली है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की मजबूत नींव पर आगे बढ़ रहा है।

मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनप्रतिनिधि रहते हुए देश की सेवा की है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। इसी क्रम में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक में अभियान के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में सड़कों और रेलवे कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम उठाए गए। गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, शौचालय निर्माण और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उनके मुताबिक, देश के करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर मरांडी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में उग्रवाद लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा जवाब दिया है।

मरांडी ने जनजातीय समाज के सम्मान को भी मोदी सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने से उनके संघर्ष और योगदान को राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने झारखंड की कई विभूतियों को पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे सम्मान दिए जाने का भी उल्लेख किया।

झारखंड में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मरांडी ने हजारीबाग और गोड्डा को रेल संपर्क से जोड़ने, देवघर में एम्स और हवाई अड्डे के निर्माण तथा गंगा नदी पर पुल के निर्माण को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी